12 साल की मोहब्बत का खूनी अंत: पत्नी ने परिवार संग किया ऐसा हाल सड़क पर आया पति; दिलीप ने मारी संगीता को गोली
दिलीप ने संगीता के साथ वर्ष 2011 में प्रेम विवाह किया था। आरोपी ने शिव एन्क्लेव पार्ट-1 में एक 80 गज का प्लॉट अपनी पत्नी के नाम पर लिया था। उसकी पत्नी ने अपने परिवार के साथ मिलकर मकान पर कब्जा कर लिया था और दिलीप को बाहर निकाल दिया था।
विस्तार
हरियाणा के फरीदाबाद स्थित पल्ला थाना इलाके के शिव एंक्लेव पार्ट-1 में पत्नी की गोली मारकर हत्या के आरोप में आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार 2 मार्च को आरोपी दिलीप यादव को मेवला महाराजपुर रेलवे ब्रिज के पास से अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने काबू किया। आरोपी बिहार के छपरा का मूल निवासी है और यहां शिव एंक्लेव पार्ट-2 में रहता है।
पत्नी के नाम ले रखा था 80 गज का प्लॉट
आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि उसने संगीता के साथ वर्ष 2011 में प्रेम विवाह किया था। आरोपी ने शिव एन्क्लेव पार्ट-1 में एक 80 गज का प्लॉट अपनी पत्नी के नाम पर लिया था। उसकी पत्नी ने अपने परिवार के साथ मिलकर मकान पर कब्जा कर लिया था और दिलीप को बाहर निकाल दिया था। इसी की रंजिश रखते हुए दिलीप ने 20 फरवरी को अपनी पत्नी पर तीन गोली चलाई और हत्या कर दी।
संगीता से किया था प्रेम विवाह
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 6 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। पल्ला थाना इलाके में ये वारदात 20 फरवरी को हुई थी। मामले में शिव एंक्लेव पार्ट-2 के रहने वाले विक्रम सिंह ने शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 12 वर्ष पहले उनकी बेटी संगीता (32) ने दिलीप यादव के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद पति पत्नी का आपस में पारिवारिक विवाद हो गया।
कोर्ट में डाल रखा था तालाक का केस
आरोपी शिकायतकर्ता की बेटी के साथ मारपीट करता था, जिसपर उन्होंने दिलीप यादव के खिलाफ साकेत कोर्ट, दिल्ली में तलाक व मारपीट का केस डाला हुआ था। संगीता अपने पति दिलीप से अगल रह रही थी। इसी की रंजिश रखते हुए आरोपी ने 20 फरवरी को संगीता की गोली मार कर हत्या कर दी। शिकायत पर पल्ला थाना में हत्या समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।