साहिबाबाद। टीलामोड़ स्थित श्रीराम कॉलोनी के फीडर की लाइन में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। इस हादसे के चलते इंद्रप्रस्थ, भोपुरा, टीलामोड़ सहित आसपास के कई इलाकों की बिजली बंद करनी पड़ी। वहीं इंदिरापुरम, वसुंधरा, वैशाली और शालीमार क्षेत्रों में भी रविवार रात और सोमवार में करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।
श्रीराम कॉलोनी के फीडर की लाइन में दोपहर करीब दो बजे अचानक स्पार्किंग के साथ आग लग गई। तभी तेज हवा चलने लगी। ऊर्जा निगम की टीम ने हादसा होने के डर से फीडर बंद कर दिया। इसके बाद करीब दो घंटे बाद आपूर्ति सामान्य हुई। थोड़ी देर बाद ही बिजली आई फिर दोबारा से ट्रांसमिशन से आपूर्ति फेल होने की वजह से इंद्रप्रस्थ में फिर से बिजली चली गई। निवासी संदीप ने बताया कि हर दस बीस मिनट के बाद आपूर्ति बंद हो रही है। वहीं इंदिरापुरम, वसुंधरा, वैशाली, शालीमार इलाकों में भी पूरे दिन रात में करीब पांच घंटे बिजली गुल रही। उपभोक्ताओं का कहना है कि बार-बार की बिजली कटौती होने की वजह से गर्मी में लोगों को बिना कूलर-पंखे के रहना पड़ता है। वहीं जोन तीन के मुख्य अभियंता बृजेश कुमार ने बताया कि ज्यादातर सभी इलाकों में बिजली आपूर्ति सामान्य है। बारिश और आंधी की वजह से थोड़ी देर के लिए बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी।