Ghaziabad Encounter: वांछित बदमाश मुठभेड़ में दबोचा, पैर में लगी गोली; दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर की थी लूटपाट
गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक लूट मामले के फरार आरोपी को बीती रात पुलिस ने चेकपॉइंट पर पकड़ने की कोशिश की, जिसमें उसने पुलिस पर फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई से लव घायल हो गया।
विस्तार
वेव सिटी क्षेत्रांतर्गत दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर 4 मार्च को तमंचे के बल पर एक लूट की घटना हुई थी जिसमें एक नेक्सोन कार व एक मोबाइल को लूट लिया गया था। इस घटना का संज्ञान लेते हुये थाना वेव सिटी पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी तथा अनावरण के लिए कई टीमों का गठन किया गया था। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि 7 मार्च को घटना का खुलासा करते हुये दो आरोपियों राज व दर्शन को गिरफ्तार किया गया था।
इसी घटना के वांछित 2 आरोपियों लव व योगेन्द्र को गिरफ्तार करने के लिए भी कई टीमों का गठन किया गया था। यक्ष एप के माध्यम से वांछित आरोपी लव का फोटो व पते एवं अन्य जानकारी प्राप्त हो गई थी। कई बार दबिश देने के उपरान्त भी इसकी गिरफ्तारी नही हो पाई थी। एसीपी ने बताया कि बृहस्पतिवार को एक मुखबिर के द्वारा यह बताया गया कि 18 मार्च को लव गिरधरपुर की तरफ से अपने घर जायेगा। इस सूचना पर तुरन्त संज्ञान लेते हुये वेव सिटी पुलिस टीम द्वारा कई जगह पर चेक पॉइंट्स लगाये गये।
इसी में नायफल से डासना की तरफ जाते हुये एक जगह पर चेक पॉइंट लगाया गया था। एक संदिग्ध बाइक सवार व्यक्ति को आता देख कर जब पुलिस टीम के द्वारा बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया तो बाइक सवार ने रुकने की बजाय बाइक को कच्चे रास्ते की तरफ मोड लिया, बारिश की वजह से कच्चे रास्ते में फिसलन हो गई जिससे उसकी बाइक फिसल गई मगर जब उसने पुलिस टीम को अपनी ओर आता हुआ देखा तो जान से मारने की नीयत से उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया, पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ में जवाबी कार्यवाही की जिसमें उसके एक पैर में गोली लगी जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि इसने इस लूट की घटना के अलावा डासना में एक चोरी की घटना को कारित की थी तथा उसी रात कई घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके विरुध्द अलग-अलग थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमें पंजीकृत हैं तथा यह एक जघन्य अपराधी है। इसके पास से हापुड़ से चोरी की गई एक स्पलेन्डर मोटर साइकिल, एक अवैध तमंचा , एक कारतूस व खोखा कारतूस बरामद हुआ है। घायल होने के कारण आरोपी को उपचार हेतु सीएचसी डासना भिजवाया गया है। अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.