{"_id":"69bdf176674e53bf290bec77","slug":"the-palam-fire-has-been-extinguished-but-politics-continues-to-simmer-2026-03-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Politics: पालम में आग तो बुझी मगर सुलग रही सियासत, आप ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप; कांग्रेस ने दोनों को घेरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Politics: पालम में आग तो बुझी मगर सुलग रही सियासत, आप ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप; कांग्रेस ने दोनों को घेरा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 21 Mar 2026 06:46 AM IST
विज्ञापन
सार
सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी ने अग्निकांड में हुईं मौतों के लिए सरकार की लापरवाही और फायर ब्रिगेड को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं कांग्रेस ने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर इस मुद्दे पर सियासत करने का आरोप लगाया है।
सौरभ भारद्वाज
- फोटो : X/@Saurabh_MLAgk
विज्ञापन
विस्तार
पालम में हुए अग्निकांड में नौ लोगों की मौत के बाद सियासत की सुलगती आंच भड़कने लगी है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी ने अग्निकांड में हुईं मौतों के लिए सरकार की लापरवाही और फायर ब्रिगेड को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं कांग्रेस ने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर इस मुद्दे पर सियासत करने का आरोप लगाया है।
Trending Videos
पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि यदि लोगों को गद्दे बिछाने दिए जाते तो कई जानें बच सकती थीं, लेकिन ऐसा नहीं होने दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए मृतकों पर ही दोष मढ़ने की कोशिश कर रही है, जैसा कि पहले जनकपुरी की घटना में भी देखने को मिला था।
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्होंने आरोप लगाया कि शोकसभा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। भारद्वाज ने भाजपा नेताओं के बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क को संकरी और ट्रैफिक जाम का हवाला देना गलत है, क्योंकि घटना सुबह के समय हुई जब यातायात कम था। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी।
वहीं कांग्रेस प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि पीड़ित परिवार को राहत देने के बजाय दोनों दलों के कार्यकर्ता आपसी झगड़े और हिंसा में उलझे रहे जो बेहद दुखद है। यादव ने कहा कि दमकल विभाग के देर से पहुंचने और हाइड्रोलिक लिफ्ट की खराबी जैसे मुद्दों पर जवाबदेही तय करने के बजाय भाजपा सरकार बहाने बना रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली फायर ब्रिगेड में कर्मचारियों और उपकरणों की कमी के लिए बीते 11 वर्षों की आम आदमी पार्टी सरकार और मौजूदा भाजपा सरकार जिम्मेदार हैं। उन्होंने बताया कि इस साल 1 जनवरी से 15 मार्च के बीच 2,700 से अधिक फायर कॉल दर्ज हुई हैं, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाती हैं।
पीड़ित परिवार से ज्यादा सौरभ को खबरों में रहने की चिंता : वीरेंद्र सचदेवा
पालम अग्निकांड को लेकर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस को नाटकीय प्रदर्शन करार दिया। सचदेवा ने कहा कि सौरभ भारद्वाज के सिर पर कफन बांधने और अर्थी लेकर प्रेस वार्ता करने से साफ है कि उन्हें पीड़ित परिवार के दुख से ज्यादा खबरों में बने रहने की चिंता है।
सचदेवा ने पालम हादसे के कारणों पर सवाल उठाया। उन्होंने स्थानीय स्तर पर चर्चा का हवाला देते हुए कहा कि जिस इमारत में आग लगी, उसके भूतल पर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ रखे हुए थे। उन्होंने सौरभ भारद्वाज से सीधा सवाल किया कि क्या वह इस तथ्य को स्वीकार करते हैं या नहीं।
सचदेवा ने कहा कि दिल्ली सरकार ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं ताकि आग लगने की वजह के साथ ही राहत कार्य में लापरवाही की भी जांच होगी। उन्होंने कहा कि जहां फायर ब्रिगेड के ढांचे की कमियों पर चर्चा जरूरी है, वहीं हादसे के संभावित कारणों पर भी ध्यान देना चाहिए।