{"_id":"699627fde4cf0c0db602ff47","slug":"two-kashmiri-suspects-including-a-minor-were-caught-in-a-car-parked-near-the-red-fort-2026-02-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi: लाल किले के पास खड़ी कार से नाबालिग समेत दो संदिग्ध कश्मीरी पकड़े, एक के पास मिला NIA का नकली आई कार्ड","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi: लाल किले के पास खड़ी कार से नाबालिग समेत दो संदिग्ध कश्मीरी पकड़े, एक के पास मिला NIA का नकली आई कार्ड
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 19 Feb 2026 03:26 AM IST
विज्ञापन
सार
16 साल का नाबालिग और एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गए। दोनों से आईडी मांगी गई तो युवक ने एनआईए का आई कार्ड दिखाया।
demo
विज्ञापन
विस्तार
एआई इंपैक्ट समिट की वजह से हाई अलर्ट पर दिल्ली में लाल किला के पीछे बुधवार को खड़ी जम्मू-कश्मीर नंबर की कार में नाबालिग समेत दो संदिग्ध कश्मीरी लड़के मिलने से अफरातफरी मच गई। दरअसल दिल्ली चलो पार्क के पास कोतवाली थाना पुलिस गश्त कर रही थी। इस बीच टीम ने कश्मीर नंबर की सेंट्रो कार को संदिग्ध हालत में खड़ा देखकर उसमें सवार लड़कों से पूछताछ की। 16 साल का नाबालिग और एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गए। दोनों से आईडी मांगी गई तो युवक ने एनआईए का आई कार्ड दिखाया।
Trending Videos
आई कार्ड देखने से नकली लग रहा था। शक के आधार पर दोनों को फौरन हिरासत में लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सूचित किया गया। जांच में कार का रजिस्ट्रेशन भी खत्म मिला। मामला बेहद संदिग्ध लगने पर उत्तरी जिला पुलिस ने फौरन स्पेशल सेल के अलावा बाकी जांच एजेंसियों को खबर दी। देर शाम तक स्पेशल सेल, आईबी और एनआईए की टीम संयुक्त रूप से दोनों लड़कों से पूछताछ कर रही थीं। पकड़े एक आरोपी की पहचान परिगाम, पुलवामा, जम्मू एवं कश्मीर निवासी मुदस्सर अहमद मीर (36) और बांगुड, पुलवामा निवासी 16 साल के नाबालिग के रूप में हुई। मुदस्सर के पास से एनआईए का नकली आईकार्ड मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन
शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी मुदस्सर अहमद कश्मीर से लड़कों को नौकरी लगवाने के बहाने दिल्ली लाता है। बदले में वह पीड़ितों या उनके परिवार से पैसे ऐंठता है। अभी तक की जांच में उसके धोखेबाज होने का पता चला है। देर रात तक दोनों से पूछताछ जारी थी। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपी के पास से बरामद आईडी और काले रंग की सेंट्रो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी मुदस्सर अपना गैराज चलाता है और फिलहाल घाटे में चल रहा है। 15 साल पूरे कर चुकी पुरानी कार को उसने जम्मू कश्मीर से खरीदा था। पुलिस जम्मू कश्मीर के पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर रही है।
दो लड़कों को नौकरी लगवाने दिल्ली लाया था मुदस्सर...
अभी तक की जांच में पता चला है कि 16 साल के नाबालिग का परिवार पुलवामा में रहता है। इसके पिता राजमिस्त्री का काम करते थे। तीन-चार माह पूर्व ऊंचाई से गिरने से उनको लकवा हुआ है। उसकी मां पुलिस की एसपीओ हैं। मुदस्सर परिवार से तीन हजार रुपये लेकर नौकरी दिलवाने की बात कर नाबालिग को अपने साथ दिल्ली लाया था। उसने परिवार से कहा था कि नौकरी लग जाने पर वह 10 हजार रुपये लेगा। 12 फरवरी को दोनों सेंट्रो से दिल्ली के लिए निकले। 13 फरवरी की रात को यह दिल्ली पहुंचे और जामा मस्जिद के बशीर गेस्ट हाउस में रुके। मुदस्सर ने रिश्तेदार शाकिर को भी नौकरी के लिए दिल्ली बुलाया हुआ था।
14 फरवरी को मुदस्सर शाकिर व नाबालिग को लेकर सनम बंगाल उर्फ सनम रैना के पास जम्मू एवं कश्मीर हाउस पहुंचा। सनम ने कश्मीर हाउस में नौशेरा के कुलदीप सिंह मिन्हास की मदद से यहां कमरा बुक कराया हुआ था। सनम ने दोनों को नौकरी दिलवाने से मना कर दिया। सनम एक एनजीओ चलाता है। पुलिस की पूछताछ में मुदस्सर ने बताया कि बिजेंद्र और किरणपाल तोमर नामक लोगों ने उसे सनम से मिलवाया था। किरण पाल खुद को पीएमओ और एनआईए में तैनात बताता था। नौकरी न मिलने की वजह से शाकिर वापस कश्मीर लौट गया। नाबालिग भी कश्मीर वापस जाने की तैयारी कर रहा था। फिलहाल लोकल पुलिस और तमाम जांच एजेंसियां दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही हैं।