सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Weather: Uttarakhand's Kalapani records minus 35 degrees Celsius, rain in Delhi-NCR

Weather: उत्तराखंड के कालापानी में माइनस 35 डिग्री पारा, उत्तर में घने कोहरे की चादर, दिल्ली-एनसीआर में बारिश

अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Sun, 01 Feb 2026 06:42 AM IST
विज्ञापन
सार

दिल्ली एनसीआर में बारिश के बाद ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर दिल्ली- एनसीआर में बारिश होगी। इसके लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया था। 

Weather: Uttarakhand's Kalapani records minus 35 degrees Celsius, rain in Delhi-NCR
उत्तराखंड में बर्फबारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
Follow Us

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देश के उत्तरी हिस्से में मौसम ने एक बार फिर तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पश्चिमी हिमालयी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी ने हालात बेहद खराब कर दिए हैं। उत्तराखंड में भारत-नेपाल-चीन सीमा के पास स्थित कालापानी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान माइनस 35 डिग्री सेल्सियस तक चला गया है, जिससे आंखों से निकलने वाले आंसू भी जम रहे हैं। दिल्ली एनसीआर में बारिश के बाद बढ़ी ठंडक।

Trending Videos


दिल्ली-एनसीआर में बारिश, बढ़ी ठंड
दिल्ली एनसीआर में बारिश के बाद ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर दिल्ली- एनसीआर में बारिश होगी। इसके लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया था। अगले तीन दिन पश्चिमी हिमालयी राज्यों, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के ज्यादातर हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन


पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव ने मौसम को और मुश्किल भरा बना दिया है। कालापानी में जमा देने वाली सर्दी के बीच सशस्त्र सीमा बल के जवान कठिन ड्यूटी कर रहे हैं। उन्हें विशेष प्रकार का चश्मा पहन कर ड्यूटी करनी पड़ रही है। नदियां, नाले और झरने पूरी तरह जम चुके हैं। जवानों को पीने और खाना बनाने के लिए बर्फ पिघलानी पड़ रही है। कश्मीर में कड़ाके की सर्दी का 40 दिन का दौर चिल्ला-ए-कला खत्म हो गया है और शनिवार से 20 दिन के चिल्ला-ए-खुर्द की शुरुआत हुई है जिसमें तापमान में कुछ वृद्धि हुई है। श्रीनगर शहर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान माइनस 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछली रात के 1.3 डिग्री सेल्सियस से कम और सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक था।

पंजाब और हरियाणा में फिर सर्दी ने दिखाए तेवर
पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी राज्यों पंजाब और हरियाणा में फिर सर्दी ने अपने तेवर दिखाए हैं। शनिवार को पंजाब का फरीदकोट सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा में करनाल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में 7.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पंजाब व हरियाणा के कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा।

बारिश और वज्रपात का असर...मौसम विभाग के अनुसार, 3 फरवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी और पश्चिमी यूपी, राजस्थान, अरुणाचल और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात हो सकता है। 

हिमाचल की ऊंची चोटियों पर गिरी बर्फ
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने रविवार को शिमला समेत आठ जिलों के कई क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी दी है और शिमला के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। कुल्लू, लाहौल-स्पीति और पांगी क्षेत्र में हिमखंड गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते तीन फरवरी तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। शनिवार को ताबो में माइनस 10.2 और कुकुमसेरी में माइनस 6.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। उधर, मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

सतर्कता बरतने की सलाह
बदलते मौसम को देखते हुए आईएमडी ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और ताजा मौसम अपडेट पर नजर रखने को कहा है। कोहरे के कारण वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर चेतावनी जारी कर रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed