Grammy Awards: पंडित रवि शंकर से लेकर एआर रहमान और शंकर महादेवन तक, इन भारतीयों को मिल चुका है ग्रैमी अवॉर्ड
Indians Win Grammy Award: 68वें ग्रैमी अवॉर्ड्स भारत में सोमवार को देखने को मिलेंगे। इस बार कई भारतीयों को नॉमिनेशन मिला है। लेकिन इससे पहले जानते हैं उन भारतीयों के बारे में जिन्होंने अब तक ग्रैमी अवॉर्ड जीता है।
विस्तार
संगीत जगत के सबसे बड़े अवॉर्ड ग्रैमी अवॉर्ड का आयोजन 1 फरवरी को लांस एंजिल्स के क्रिप्टो कॉम एरिना में किया जाएगा। इस अवॉर्ड में भारत की भी नजरें लगी हुई हैं। क्योंकि अनुष्का शंकर समेत भारत की ओर से संगीतकार सिद्धांत भाटिया, शक्ति और पियानो वादक एवं संगीतकार चारू सूरी को भारतीय संगीत में उनके योगदान के लिए नामित किया गया है। इनमें से कौन ये अवॉर्ड अपने नाम करेगा, इसका तो समय आने पर ही पता चलेगा। लेकिन इससे पहले जानते हैं अब तक कौनसे भारतीय कलाकार जीत चुके हैं ग्रैमी अवॉर्ड…
पंडित रविशंकर पहले भारतीय
ग्रैमी अवॉर्ड जीतने वाले भारतीयों की बात करें तो सबसे पहले साल 1968 में पंडित रविशंकर ने जीता था। इसके बाद उन्हें साल 1973, 2002 और 2013 में भी ये अवॉर्ड मिला है। 2013 में ही पंडित रविशंकर को लाइफटाइम अचीवमेंट भी मिला था।
जाकिर हुसैन को अलग-अलग कैटेगरी में चार बार मिला ग्रैमी
साल 1994 में विश्व मोहन भट्ट को बेस्ट वर्ल्ड म्यूजिक अल्बम के लिए अवॉर्ड मिला था। इसके अलावा भारत के दिग्गज तबला वादक जाकिर हुसैन को चार बार ग्रैमी अवॉर्ड मिला है। जाकिर हुसैन को पहली बार साल 2009 में बेस्ट कंटेम्पररी वर्ल्ड म्यूजिक अल्बम के लिए ग्रैमी मिला था। इसके बाद जाकिर हुसैन को साल 2023 में राकेश चौरसिया के साथ बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस के लिए ग्रैमी मिला। 2024 में जाकिर हुसैन और राकेश चौरसिया ने फिर ग्रैमी अवॉर्ड जीता। इस बार दोनों को बेस्ट कंटेम्पररी इंस्ट्रूमेंटल अल्बम के लिए ग्रैमी मिला था। 2024 में जाकिर हुसैन को फिर ग्रैमी मिला। इस बार वो शक्ति बैंड का हिस्सा थे।
इन्हें भी मिला है अवॉर्ड
- इसके अलावा कई भारतीयों ने ग्रैमी अपने नाम किया है।
- पीए दीपक (2 बार) (2010 और 2022)
- एच श्रीधर (2010)
- गुलजार, एआर रहमान और तन्वी शाह (2010)
- रिकी केज (3 बार) (2015, 2019, 2023)
- फैलू (2022)
- वी सेलवागणेश, गणेश राजगोपालन, शंकर महादेवन और चंद्रिका टंडन के भी नाम शामिल हैं। इन सभी को साल 2024 में मिला था।
1 फरवरी को होगा 68वें ग्रैमी अवॉर्ड का आयोजन
इस बार 68वें ग्रैमी अवॉर्ड्स का आयोजन 1 फरवरी रविवार को होगा। यह अवॉर्ड फंक्शन रात 8 बजे से शुरू होगा और 11.30 बजे (अमेरिका के समयानुसार) तक चलेगा। यह यूट्यूब और ग्रैमी अवॉर्ड्स की वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीम होंगे। वैसे यह अवॉर्ड फंक्शन सीबीएस (ब्रॉडकास्टर) पर भी टेलीकास्ट होंगे।
भारत में 2 फरवरी को देखे जा सकेंगे अवॉर्ड
हालांकि, भारत में ग्रैमी अवॉर्ड को सोमवार 2 फरवरी को देखा जा सकेगा। भारत में ये 2 फरवरी सुबह 6:30 बजे से जीयो हॉटस्टार पर लाइव देखा जा सकता है। इस बार अवॉर्ड फंक्शन को कॉमेडियन ट्रेवर नोआ होस्ट करेंगे, वह आखिरी बार ग्रैमी को होस्ट करने वाले हैं।
