फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   CM Yogi inaugurated and laid foundation stones for projects and addressed gathering In Gorakhpur

गोरखपुर में सीएम योगी: 994 करोड़ की 14 परियोजनाओं की दी सौगात, बोले- आस्था पर प्रहार करने वाले अब बने आस्थावान

Thu, 23 Jul 2026 01:22 PM IST
Rahul Kumar Tiwari अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर Published by: Rahul Kumar Tiwari Updated Thu, 23 Jul 2026 01:22 PM IST
सार

गोरखपुर दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 994 करोड़ रुपये की 14 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पहले आस्था पर प्रहार करते थे, आज वही आस्थावान बनने का ठेका लेने की बात कर रहे हैं।

विज्ञापन
CM Yogi inaugurated and laid foundation stones for projects and addressed gathering In Gorakhpur
गोरखपुर में सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना - फोटो : @myogioffice/ अमर उजाला

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गोरखपुर दौरे पर शुक्रवार को विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 813 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण और 181 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी आस्था पर प्रहार करते थे, आज वही आस्थावान बनने का ठेका लेने का दावा कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार की विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच 10 वर्षों में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन ने 29 चीनी मिलों को बंद किया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय और शोषण किया, जिसे प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है। उन्होंने कहा कि आज 'नए उत्तर प्रदेश' में विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश में सड़क संपर्क व्यवस्था पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है और सरकार लगातार आधारभूत ढांचे को मजबूत करने का काम कर रही है।
विज्ञापन

 

गुरुवार को टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 2.6 किमी लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण और 181.77 करोड़ रुपये की 10 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लोगों के मुंह से आस्था के उपदेश हास्यास्पद लगते हैं। सपा ने अपने शासन में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर आंदोलन को बाधा पहुंचाई। उसने रामभक्तों पर गोली चलवाई। कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व और मंदिर आंदोलन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपना अधिवक्ता खड़ा किया। ऐसे लोग आज किस मुंह से आस्था की बात कर रहे हैं। 

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा ने अपनी सरकारों में न केवल आस्था से खिलवाड़ किया बल्कि युवाओं को नौकरी और रोजगार से वंचित किया, अन्नदाता किसानों का हक छीना। इन दलों की सरकारों ने बहन-बेटियों और व्यपारियों की सुरक्षा पर संकट खड़ा किया। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले यूपी में आए दिन दंगे होते थे, अराजकता चरम पर थी। होली, दुर्गापूजा, विजयदशमी, रामनवमी, कृष्णजन्माष्टमी जैसे पर्वों पर दंगे होते थे, कांवड़ यात्रा नहीं निकलने दी जाती थी। अब यही लोग आस्था पर बड़े-बड़े हास्यास्पद उपदेश दे रहे हैं। 

'शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता कांग्रेस और सपा का किया अत्याचार'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 के पहले इंसेफेलाइटिस को लेकर सरकारी उदासीनता, सुरक्षा और निवेश के बदतर हालात को लेकर भी कांग्रेस और सपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले  इंसेफेलाइटिस बीमारी पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए नियति बन चुकी थी। इसकी चपेट में आकर हजारों बच्चों की मौत हो गई पर तबकी सरकारों के कान पर जूं नहीं रेंगता था। सरकारें कान में रुई डालकर सोई रहती थीं, उन्हें जनता की पीड़ा महसूस करने की फुर्सत नहीं थी। उन्होंने कहा कि बच्चों, किशोरों और नौजवानों के जीवन के साथ कांग्रेस और सपा ने जितना शोषण और अत्याचार किया उसे शब्दों में नहीं व्यक्त किया जा सकता। 

'नौकरियों पर होता था सैफई सिंडिकेट का कब्जा'
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने नौजवानों को बेरोजगार करने का पाप किया था। सपा शासन में कभी नौकरी निकली भी तो उस पर उसी पार्टी के लोग युवाओं से छल करते थे। नौकरियों पर सैफई सिंडिकेट का कब्जा हो जाता था। सपा ने न सिर्फ नौकरियों पर डकैती डाली बल्कि उसने नौजवानों के अधिकार कम कर उन्हें ठगने का भी काम किया। 

'माफिया और मच्छर के भय से कोई नहीं आना चाहता था गोरखपुर'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज से 10 वर्ष पूर्व गोरखपुर में भय का माहौल था। तब गोरखपुर गुंडे, माफियाओं और मच्छर के लिए बदनाम था। माफिया और मच्छर के भय से कोई गोरखपुर नहीं आना चाहता था। 10 वर्ष पूर्व कोई भी निवेशक गीडा में निवेश करने को तैयार नहीं था। माफिया के भय से कोई प्रॉपर्टी नहीं खरीदता था। आज जब सुरक्षा का माहौल मिला तो बड़े पैमाने पर निवेश आया है। इससे अकेले गीडा में 50000 नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिला है। आज हर व्यक्ति की पहली च्वाइस गोरखपुर में जमीन खरीदने और मकान बनवाने की होती है।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2007 से 2017 तक प्रदेश की 29 चीनी मिलों को तत्कालीन कांग्रेस और सपा सरकारों ने बंद कर दिया। इनमें से 21 चीनी मिलों को औने पौने दामों पर बेच दिया गया। पडरौना चीनी मिल को महज 2 करोड़ में बेचा गया जबकि उसका स्क्रेप इससे कई गुना अधिक था, जमीन की कीमत तो 200 करोड़ रुपये थी।

'9 वर्ष में दी 9 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी'
सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले 9 वर्षों के दौरान बिना भेदभाव 9 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है। अब नौकरियों में बिना भेदभाव चयन होता है और इसमें गोरखपुर के नौजवानों को भी पर्याप्त अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एक जिला एक उत्पाद योजना से पारंपरिक उद्योगों को पुनर्जीवित किया गया। सवा तीन करोड़ युवाओं, कारीगरों ने अपने उद्यम प्रारंभ किए। 65 लाख नौजवानों को निजी निवेश के माध्यम से नौकरी और रोजगार प्राप्त हुआ है।  उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के पहले प्रदेश में यह संभव नहीं था।

पर्यटन और आजीविका का माध्यम बन है रामगढ़ताल
सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर का रामगढ़ताल आज पर्यटन का सबसे बड़ा और बेहतरीन केंद्र बन गया है। जबकि 10 वर्ष पूर्व इसकी पहचान सुनसान स्थल, गंदगी और मच्छर के कारण थी। अपराधी हत्या करके यहां शव फेंक जाते थे। अब यह ताल पर्यटन का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है। देर रात तक हजारों परिवार यहां भ्रमण करके आनंद लेते हैं। उन्होंने कहा कि रामगढ़ताल के किनारे फिल्मों की शूटिंग हो रही है और हजारों लोगों को आजीविका भी मिल रही है। यह ताल पर्यटन और आजीविका का माध्यम बढ़कर गोरखपुर की एक उपलब्धि बन चुका है।

लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर का भविष्य अति उज्ज्वल कर दिया है। जिस गोरखपुर को टूटी सड़क और फूटी किस्मत के लिए जाना जाता था, उस गोरखपुर की धरती आज सीएम योगी के विजन से सिक्सलेन फ्लाईओवर देख रही है। 

सीएम योगी में इन विकास कार्यों का किया लोकार्पण
  • टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर सिक्सलेन फ्लाईओवर (देवरिया बाईपास तिराहा को भी फ्लाईओवर से जोड़ते हुए), लागत 429 करोड़ 49 लाख 39 हजार रुपये।
  • पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहा तक मार्ग का फोरलेन में चौड़ीकरण, लागत 277 करोड़ 77 लाख 94 हजार रुपये।
  • एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की शिफ्टिंग का कार्य, लागत 103 करोड़ 51 लाख 17 हजार रुपये।
  • थाना गुलरिहा के 48 क्षमता हॉस्टल/बैरक एवं विवेचना कक्ष का निर्माण, लागत 2 करोड़ 74 लाख 4 हजार रुपये।

इन विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास
  • महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास का निर्माण, लागत 47 करोड़ 38 लाख 47 हजार रुपये।
  • नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट तक मार्ग में पड़ने वाले लेवल क्रॉसिंग हेतु अंडरपास एवं सर्विस रोड, लागत 73 करोड़ 64 लाख 49 हजार रुपये।
  • राज्य स्मार्ट सिटी योजना अंतर्गत विश्वविद्यालय चौक के समीप साइंस म्यूजियम का निर्माण, लागत 49 करोड़ 60 लाख 49 हजार रुपये।
  • टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण, 7 करोड़ 6 लाख 75 हजार रुपये।
  • डिपो कार्यशाला राप्तीनगर स्थित टायर शॉप का उच्चीकरण, लागत 2 करोड़ 46 लाख 99 हजार रुपये।
  • वार्ड नं. 18 पवन विहार में सीसी रोड का निर्माण, लागत 49 लाख 72 हजार रुपये।
  • वार्ड नं. 25 गिरधरगंज में सीसी रोड का निर्माण, लागत 23 लाख 46 हजार रुपये।
  • वार्ड नं. 20 लच्छीपुर में सीसी रोड व नाली का निर्माण, लागत 48 लाख 99 हजार रुपये।
  • मोहल्ला नंदानगर दरगहिया में सीसी रोड व नाली का निर्माण, लागत 8 लाख 9 हजार रुपये।
  • वार्ड नं. 70 चंद्रशेखर आजाद नहर में सीसी रोड व नाली का निर्माण, लागत 29 लाख 56 हजार रुपये।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed