Gorakhpur News: आगलगी की पांच घटनाओं में सैकड़ों बीघा फसल राख, ट्रैक्टर-रीपर और एंबुलेंस जली
सबसे बड़ी घटना सहजनवां थाना क्षेत्र के सिसई तपसी गांव में हुई, जहां अज्ञात कारणों से लगी आग में करीब 24 एकड़ गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। तेज हवा के चलते आग तेतरिया गांव की ओर बढ़ने लगी, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत और ट्रैक्टरों से खेत की घेराबंदी कर आग पर काबू पाया गया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार दुर्गेश चौरसिया और थानाध्यक्ष महेश चौबे ने पीड़ितों को सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया।
विस्तार
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को आगलगी की पांच बड़ी घटनाओं में सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इसके साथ ही एक ट्रैक्टर, रीपर मशीन और एंबुलेंस भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद अग्निशमन विभाग की गाड़ियां देर से पहुंचीं, जिससे नुकसान बढ़ गया।
घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने गेहूं की कटाई पूरी होने तक भूसा बनाने वाली रीपर मशीनों पर रोक लगाने और थाना व चौकी स्तर पर अग्निशमन की गाड़ियां तैनात करने की मांग की है। पहली घटना झंगहा थाना क्षेत्र के गोबड़ौर गांव स्थित गोहटा ताल के पास सुबह करीब साढ़े दस बजे हुई।
दूसरी घटना चौरीचौरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में शाम करीब साढ़े चार बजे हुई। यहां डॉक्टर आवास के पास खड़ी 108 एंबुलेंस में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में वह जलकर खाक हो गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने हैंडपंप के पानी से आग बुझाने का प्रयास किया और पास खड़ी दूसरी एंबुलेंस को सुरक्षित हटा लिया।
वहीं, तीसरी घटना गुलरिहा थाना क्षेत्र के झुंगिया बाजार में हुई, जहां हनुमान मंदिर के पीछे यूकेलिप्टस का पेड़ 440 वोल्ट की लाइन पर गिर गया। तार खेत में गिरने से करीब तीन एकड़ गेहूं की फसल में आग लग गई। हालांकि, ग्रामीणों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
चौथी घटना पीपीगंज थाना क्षेत्र के रायपुर जंगल कौड़िया ताल में हुई। भूसा बना रही रीपर मशीन से निकली चिंगारी से चार एकड़ फसल जल गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर और पानी डालकर आग बुझाई। यहां भी दमकल की अनुपलब्धता को लेकर लोगों में नाराजगी रही।
पांचवीं और सबसे बड़ी घटना सहजनवां थाना क्षेत्र के सिसई तपसी गांव में हुई, जहां अज्ञात कारणों से लगी आग में करीब 24 एकड़ गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। तेज हवा के चलते आग तेतरिया गांव की ओर बढ़ने लगी, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत और ट्रैक्टरों से खेत की घेराबंदी कर आग पर काबू पाया गया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार दुर्गेश चौरसिया और थानाध्यक्ष महेश चौबे ने पीड़ितों को सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया।