{"_id":"69a7d8496a3b1070880d8036","slug":"husband-kills-wife-with-a-shovel-informs-police-himself-2026-03-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"पति ने फावड़े से पत्नी की हत्या की: ताबड़तोड़ वार किए, फिर हत्याकर खुद पुलिस को दी सूचना; दो मासूम हुए बेसहारा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पति ने फावड़े से पत्नी की हत्या की: ताबड़तोड़ वार किए, फिर हत्याकर खुद पुलिस को दी सूचना; दो मासूम हुए बेसहारा
अमर उजाला ब्यूरो, उनवल (गोरखपुर)
Published by: Akash Dubey
Updated Wed, 04 Mar 2026 12:37 PM IST
विज्ञापन
सार
खजनी थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की रात 40 वर्षीय अशोक निषाद ने विवाद के बाद अपनी 35 वर्षीय पत्नी नीलम निषाद की फावड़े से हत्या कर दी। आरोपी हिरासत में है।
पति ने पत्नी की हत्या की
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
गोरखपुर जिले के उनवल कस्बे के पास स्थित खजनी थाना क्षेत्र के ग्राम सभा डोडो से जुड़े धाधुपर (अड़रिया टोला) में मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 40 वर्षीय अशोक निषाद ने कथित रूप से अपनी 35 वर्षीय पत्नी नीलम निषाद की फावड़े से वार कर हत्या कर दी। वार इतना घातक था कि नीलम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
Trending Videos
जानकारी के मुताबिक, अशोक निषाद पुत्र तूफानी निषाद का रात में पत्नी नीलम से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ते-बढ़ते उग्र हो गई। आरोप है कि गुस्से में अशोक ने पास में रखा फावड़ा उठा लिया और ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से नीलम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
घटना के बाद आरोपी फरार नहीं हुआ, बल्कि उसने खुद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खजनी थानाध्यक्ष जयंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में हत्या का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। आरोपी के भाई भगेलू के अनुसार, पति-पत्नी के बीच सामान्य विवाद हुआ था, जो अचानक हिंसक हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि दंपती के बीच पहले भी छोटे-मोटे झगड़े होते थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा। पुलिस पारिवारिक पृष्ठभूमि और संभावित कारणों की गहन जांच कर रही है।
मां की मौत से दोनों बच्चे बेसहारा
नीलम अपने पीछे 15 वर्षीय पुत्र सूरज और 12 वर्षीय पुत्री सृष्टि को छोड़ गई हैं। मां की मौत से दोनों बच्चे बेसहारा हो गए हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और निगरानी बढ़ा दी गई है।
