सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   CM Yogi took funny dig at MP Ravi Kishan During Holika Dahan festival in Pandeyhata Gorakhpur

UP: CM योगी ने ली चुटकी, बोले- रवि किशन तो नाच गाकर कमा लेंगे, कालीबाड़ी वाले बाबा कहां से कमाएंगे?

अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर Published by: Rahul Kumar Tiwari Updated Mon, 02 Mar 2026 08:20 PM IST
विज्ञापन
सार

गोरखपुर में होलिकादहन और भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भय और अराजकता नहीं है। इस दौरान सीएम योगी ने सांसद रवि किशन की चुटकी भी ली।

CM Yogi took funny dig at MP Ravi Kishan During Holika Dahan festival in Pandeyhata Gorakhpur
होलिका दहन उत्सव कार्यक्रम में सीएम ने ली रवि किशन की चुटकी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

गोरखपुर पांडेयहाता में होलिका दहन उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद रवि किशन पर हल्के अंदाज में चुटकी ली। उन्होंने कहा कि रवि किशन तो कहीं भी नाच गाकर कमा सकते हैं, लेकिन कालीबाड़ी वाले बाबा कहां से कमाएंगे। इस कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का गुलाब की पंखुड़ियां बिछाकर स्वागत किया गया।

Trending Videos


गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी नागरिकों को होली की मंगलमय शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में आज कोई तनाव नहीं है। कोई भय नहीं, कोई अराजकता नहीं और न ही कोई गुंडागर्दी। सबको सुरक्षा का एहसास है और सबको विश्वास है। सबके मन में एक दूसरे के प्रति सम्मान का भाव है। यही एहसास और विश्वास राम राज्य की अवधारणा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यही कहते हैं कि जब ऐसी स्थिति रहेगी तो भारत को विकसित बनने में कोई देर नहीं लगेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

सीएम योगी सोमवार शाम पांडेयहाता में होलिकादहन उत्सव समिति की ओर से आयोजित भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। होलिका दहन के दिन भक्त प्रह्लाद की शोभायात्रा का शुभारंभ करने से पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया के अंदर, उपद्रव, अराजकता और अव्यवस्था है। पर, हम भारतवासी गर्व कर सकते हैं कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का यशस्वी नेतृत्व देश को नई बुलंदी देते हुए नए भारत का दर्शन करा रहा है। नया भारत हरेक व्यक्ति, हरेक तबके को अवसर देकर उत्सवी वातावरण देता है। 

पहले यूपी में समाज को बांटती थीं सरकारें
सीएम योगी ने कहा कि हमारे यहां पर्व, त्योहारों की लंबी श्रृंखला है। पर, 2014 के पहले लोग बेहतर तरीके से उत्सव नहीं मना पाते थे। यूपी में तो पर्व, त्योहार के पहले कर्फ्यू लग जाता था। समाज में भय और तनाव रहता था। तबकी सरकारें समाज को बांटती थीं और इसका परिणाम व्यापारी और नागरिक चुकाते थे। तब गुंडागर्दी, अराजकता चरम पर थी। न बेटी सुरक्षित थी और न ही व्यापारी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश सुरक्षा और सुविधा देकर उत्सव प्रदेश बन चुका है। अब यूपी में न कर्फ्यू है और न दंगा है, यूपी में अब सब चंगा है। सब ओर उत्सव का माहौल है। पिछले पंद्रह दिनों से मथुरा-वृंदावन में होली का कार्यक्रम चल रहा है। सबकुछ स्वतः स्फूर्त देखकर विदेशियों की आंखे फटी रह जाती हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग हमपर आरोप लगाते थे कि हम बंटे हुए हैं, वे बताएं कहां बंटे दिख रहे हैं। उत्सव के बड़ी संख्या में लोग आए हैं। किसी की जाति का पता नहीं है लेकिन सभी लोग होली का आनंद के रहे हैं। 

CM Yogi took funny dig at MP Ravi Kishan During Holika Dahan festival in Pandeyhata Gorakhpur
गोरखपुर में सीएम योगी ने खेली फूलों की होली - फोटो : अमर उजाला

उपद्रव से उबरकर बनते हैं उत्सव की यात्रा का हिस्सा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अव्यवस्था से व्यवस्था, अराजकता से अनुशासन, अधर्म से धर्म, असत्य से सत्य की जब यात्रा होती है। तभी हम उपद्रव से उबरकर उत्सव की यात्रा का हिस्सा बनते हैं। यही उत्सव आज गोरखपुर के विरासत गलियारा में देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पांडेयहाता आने को संकरी गली थी। वाहन मुश्किल से आ पाता था। व्यापार अस्त व्यस्त था। ग्राहक नहीं आ पाते थे। अराजकता का साम्राज्य था। 

विरासत गलियारा के प्रभावित व्यापारियों के लिए बनेगा कॉम्प्लेक्स
सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर का विरासत गलियारा प्रदेश का सबसे खूबसूरत गलियारा होगा। उन्होंने कहा कि विरासत गलियारा बनने से प्रभावित व्यापारियों को घण्टाघर के बंधु सिंह पार्क में कुछ दुकानें दी जा रही हैं। इसके बाद अन्य जो दुकानदार शेष रह जाएंगे उनके लिए डायट के पास कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। जगह चिन्हित करने के साथ पैसा भी आवंटित कर दिया गया है।

सरकार का संकल्प है कि किसी को उजड़ने नहीं देना है बल्कि अवसर देकर आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विरासत गलियारा पहले पूर्वी यूपी, बिहार और नेपाल के व्यापारियों और नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र होता था। सुविधा न देने, कंजेशन और जाम के कारण यहां का कारोबार उजड़ने लगा था। उन्होंने कहा कि अब विरासत गलियारा नव विकास से एक बार फिर व्यापार का प्रमुख केंद्र हो जाएगा। 

CM Yogi took funny dig at MP Ravi Kishan During Holika Dahan festival in Pandeyhata Gorakhpur
होलिकादहन और भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा में सीएम योगी - फोटो : अमर उजाला

सबको सुरक्षा और सुविधा दे रही डबल इंजन की सरकार
सीएम योगी ने कहा कि सबके जीवन में खुशहाली लाने के लिए डबल इंजन की सरकार सुरक्षा और सुविधा दे रही है। इसी भाव से जब गोरखपुर विकास करेगा तो प्रदेश और देश का भी विकास होगा।उन्होंने कहा कि विकास नीचे से ऊपर आता है। विरासत गलियारा के व्यापारियों के मन में पीड़ा थी लेकिन उन्होंने इसे व्यक्त करने की बजाय शासन, प्रशासन का सहयोग किया। इसी के परिणामस्वरूप आज शानदार विरासत गलियारा बनकर तैयार हो रहा है। यहां की सड़कें पहले से तीन गुना अधिक चौड़ी होंगी। फसाड लाइट लग जाने के बाद यह प्रदेश का सबसे शानदार गलियारा होगा। 

होलिकादहन के महात्म्य, भक्त प्रह्लाद और हिरण्यकश्यप की कथा का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कभी हिरण्यकश्यप माफिया, आतंकवाद, उग्रवाद के रूप में पनपा रहा होगा। उस समय भगवान विष्णु ने भगवान नृसिंह का अवतार लेकर हिरण्यकश्यप का वध किया था और धर्म की स्थापना की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें याद रखना होगा कि अराजकता, गुंडागर्दी, माफियागिरी भी हिरण्यकश्यप जैसे ही हैं, ये प्यार से नही मानेंगे क्योंकि लातों के भूत बातों से नहीं मानते हैं। उन्होंने कहा कि अराजकता, गुंडागर्दी, अव्यवस्था जैसे हिरण्यकश्यप, कंस, रावण को मारने के लिए किसी न किसी नृसिंह, कृष्ण या राम को अवतरित होना ही पड़ेगा।

CM Yogi took funny dig at MP Ravi Kishan During Holika Dahan festival in Pandeyhata Gorakhpur
सीएम योगी के साथ आयोजन में रवि किशन भी रहे मौजूद - फोटो : अमर उजाला

किसी को जबरन रंग न डालें, वैर भाव समाप्त करें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रंग उत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होलिकादहन और होली को लेकर कहीं ऐसा कोई कृत्य नहीं होना चाहिए जिससे कोई टकराहट पैदा हो। ऐसा माहौल होना चाहिए कि सब सुरक्षित महसूस करें। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि किसी के ऊपर जबरन रंग न डालें। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे दूसरे को नुकसान हो। वैर भाव दूर करें और उत्साह से त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि होली समरसता का पर्व है। यह वैर बुलाने और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सामाजिक एकता से ही अखंडता होगी। सीएम योगी ने होलिका दहन पर अहंकार, बुराइयों और नकारात्मकता का दहन करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने अपील की कि अश्लील गाने न बजाएं। अश्लील गाने पतन की ओर ले जाते हैं और पर्व के महत्व को कम करते हैं। 

भक्त प्रहलाद की आरती उतार सीएम योगी ने खेली फूलों की होली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के उपरांत होलिकादहन- भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा के लिए सजाए गए रथ पर अवस्थित भक्त प्रहलाद की आरती उतारी। उनके चित्र पर फूल बरसाने के बाद बड़े ही उमंग से उपस्थित जनसमूह पर पुष्पवर्षा करते हुए फूलों से होली खेली। शोभायात्रा को लेकर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में पहुंचने पर लोक कलाकारों के दल ने विभिन्न प्रस्तुतियों से मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। मंच पर सीएम योगी का विशाल माला, साफा पहनाकर और स्मृतिचिन्ह देकर स्वागत-अभिनंदन किया गया। 



 

CM Yogi took funny dig at MP Ravi Kishan During Holika Dahan festival in Pandeyhata Gorakhpur
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे लोग - फोटो : अमर उजाला

भ्रष्टाचार का दहन कर दिया है सीएम योगी ने: रविकिशन
होलिकादहन-भक्त प्रह्लाद की शोभायात्रा के अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में भ्रष्टाचार का दहन कर दिया है। अब उनके नेतृत्व में विकास की गंगा बह रही है। सांसद ने कहा कि सीएम योगी जापान दौरे से प्रदेश के लिए डेढ़ लाख करोड़ रुपये का निवेश लेकर आए हैं। इससे प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का पथ प्रशस्त होगा। रविकिशन ने होली गीत भी प्रस्तुत किया। 
कार्यक्रम को महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव व गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, भाजपा के महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, होलिकादहन उत्सव समिति के समस्त पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी व आमजन उपस्थित रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed