गोरखपुर: बैंकाक से सोने की तस्करी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, 1.30 करोड़ का सोना बरामद
कैंट पुलिस ने बैंकाक से सोने की तस्करी कर स्थानीय बाजारों में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सोना हड़पने के लिए लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। मामले में गिरोह के 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विस्तार
बैंकाक से सोने की तस्करी कर गोरखपुर और आसपास के बाजारों में खपाने वाले गिरोह का कैंट पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो गुर्गों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 960 ग्राम सोना बरामद किया है। इसकी कीमत लगभग 1.30 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के पास से दो लाख रुपये नकद भी मिले हैं। खास बात यह है कि सोना हड़पने के लिए आरोपियों ने 22 नवंबर को लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी।
मोहद्दीपुर चौराहे के पास से किया गया गिरफ्तार
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बुधवार को पुलिस लाइन के व्हाइट हाउस में प्रेस वार्ता कर बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोला थाना क्षेत्र के झरकटा निवासी आशुतोष शुक्ला और गगहा क्षेत्र के हाटा बाजार निवासी सुनील मिश्रा के रूप में हुई है। दोनों को सोमवार देर रात मोहद्दीपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से सोने की दो चेन, एक कड़ा और दो लाख रुपये बरामद हुए हैं।
10 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें अजय यादव, दीपक तिवारी, कृष्णकांत, चंदन तिवारी, आयुष उर्फ निखिल और प्रियांशु त्रिपाठी समेत अन्य के नाम शामिल हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
पूछताछ में आशुतोष ने बताया कि 22 नवंबर को वह अपने साथी अजय यादव के साथ लखनऊ से कोलकाता होते हुए गोरखपुर आया था। उसके पास दीपक तिवारी का सोना था। इसे घंटाघर में बेचने की तैयारी थी। छात्रसंघ चौराहे पर पुलिस की भीड़ देखकर उसने लूट की झूठी सूचना दे दी। पुलिस जांच में उलझी रही और इसी दौरान उसने सोना अजय को सौंपकर खुद को अलग कर लिया।
लखनऊ से संचालित हो रहा था गिरोह
आरोपियों ने बताया कि बांसगांव के मुखलिसपुर निवासी दीपक तिवारी अपने भाई मुकेश के साथ लखनऊ में रहता है। उसी के माध्यम से सोने की तस्करी का नेटवर्क संचालित होता है। गिरोह के कई लोग उसके लिए काम करते हैं। 24 नवंबर को दोनों आरोपी सोना बेचने घंटाघर पहुंचे थे लेकिन मंगलवार को बाजार बंद होने के कारण बिक्री नहीं हो सकी। आरोपियों ने बताया कि वे प्रयाग बुलियन ट्रेडर्स के संचालक से मिले थे। सोना देखने के बाद उन्होंने दो लाख रुपये दिए थे। बाकी रकम बाजार खुलने पर देने की बात कही थी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
