चरखी दादरी। जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में सांसद धर्मबीर सिंह ने सोमवार को राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पहले उन्होंने रोज गार्डन स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर बलिदानियों को नमन किया। सांसद ने कहा कि देश के युवाओं की सोच और प्रतिभा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सबसे बड़ी ताकत है। पूरी दुनिया में सबसे अच्छा दिमाग हमारे युवाओं के पास है। प्रधानमंत्री मोदी की 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना के अनुरूप देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सांसद ने कहा कि आज भारत रक्षा उपकरणों सहित अनेक क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनकर उत्पादन और निर्यात कर रहा है। गुलामी के दौर में देश के संसाधनों का दोहन हुआ, लेकिन आज भारत अपने खनिज, तकनीक और प्रतिभा के बल पर विश्व में पहचान बना रहा है। बजट निर्माण में अब सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इसी सोच के साथ हरियाणा में भी विभिन्न वर्गों से सुझाव लेकर बजट तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को याद करते हुए कहा कि डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित कई महापुरुषों के योगदान से देश को एक सशक्त संविधान मिला, जिसके बल पर आज भारत लोकतांत्रिक रूप से आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल, पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा, एसडीएम योगेश सैनी, सीईओ जिला परिषद डॉ. विरेन्द्र सिंह, चेयरमैन सुधीर चांदवास, नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी, वाइस चेयरमैन संदीप फोगाट व भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील इंजीनियर माैजूद रहे।