सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Kaithal News ›   Queues forming before agencies open their doors

Kaithal News: एजेंसियों का ताला खुलने से पहले लग रहीं कतारें

संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल Updated Wed, 18 Mar 2026 01:32 AM IST
विज्ञापन
Queues forming before agencies open their doors
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
Trending Videos

कैथल। घरेलू गैस सिलिंडर समय पर न मिलने से शहर में जनाक्रोश भड़क उठा है। विभिन्न स्थानों पर उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन कर गैस वितरण व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की। राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने भी इस मुद्दे को लेकर रोष मार्च निकाले और प्रशासन से त्वरित समाधान की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बुकिंग के बाद भी कई-कई दिनों तक सिलिंडर नहीं मिल रहा, जिससे रसोई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब शहर की पृथ्वी गैस एजेंसी बंद हो गई। इसके चलते संबंधित उपभोक्ताओं को अन्य एजेंसियों पर निर्भर होना पड़ रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


गैस संकट का असर केवल शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि चीका, राजौंद और कलायत क्षेत्रों में भी उपभोक्ता इसी तरह की परेशानी झेल रहे हैं। ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में स्थिति और अधिक गंभीर बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आपूर्ति व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त नहीं की गई तो आंदोलन तेज करेंगे।

शहर में रसोई गैस आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं में लगातार रोष बढ़ रहा है। लोगों का आरोप है कि बुकिंग के बावजूद समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहा और एजेंसियों की ओर से केवल आश्वासन दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार एचपी, इंडेन और भारत गैस एजेंसियों में पर्याप्त आपूर्ति के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं। वहीं, व्यावसयिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति में देरी के चलते होटल और ढाबा संचालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई संचालकों ने बताया कि समय पर सिलिंडर नहीं मिलने से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। इधर, शहर में कई स्थानों पर रेहड़ी संचालकों द्वारा घरेलू गैस सिलिंडरों के उपयोग की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
रेलवे रोड पर लगा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी

कलायत। रसोई गैस की किल्लत के बीच सिलिंडर लेने के लिए लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। कस्बे की एकमात्र प्रीतम गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगने से रेलवे रोड पर जाम की स्थिति बन गई। भीड़ के चलते यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए जाम खुलवाया।

उपभोक्ताओं का कहना है कि प्रशासन और सरकार भले ही पर्याप्त आपूर्ति के दावे कर रहे हों, लेकिन उन्हें कई दिनों तक लाइन में लगने के बावजूद सिलिंडर नहीं मिल रहा। लोगों के अनुसार वे सात-सात दिनों से इंतजार कर रहे हैं।

एजेंसी संचालक प्रीतम सिंह ने बताया कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए वितरण व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब जिन उपभोक्ताओं के पास ओटीपी आया है, वे पहले एजेंसी से पर्ची लें और फिर सजूमा रोड स्थित रैदास तख्त के पास जाकर सिलिंडर प्राप्त करें, ताकि रेलवे रोड पर जाम की स्थिति न बने।

आते ही बंट जाते हैं सिलिंडर
राजौंद। तुलसी गैस एजेंसी पर इन दिनों गैस सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ रही है और लोग सुबह से ही बारी का इंतजार करते नजर आते हैं। स्थिति यह है कि एजेंसी पर पहुंचने वाली गैस की सप्लाई तुरंत वितरित हो जाती है, लेकिन मांग के मुकाबले आपूर्ति बेहद कम पड़ रही है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले जहां गैस आसानी से उपलब्ध हो जाती थी, वहीं अब कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। एजेंसी प्रबंधक सुरेश कुमार के अनुसार, गैस की मांग लगातार बढ़ रही है और अग्रिम बुकिंग का आंकड़ा 1300 के पार पहुंच चुका है। हाल ही में एजेंसी को 342 सिलिंडरों की सप्लाई मिली थी, जिसे तुरंत वितरित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि नई खेप प्राप्त होते ही प्राथमिकता के आधार पर उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जाएगी। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed