लाडवा। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सिंह टाटकी वीरवार को मार्केट कमेटी के सचिव संत कुमार से मिले। उन्होंने मंडी सचिव से गेंहू के धीमे उठान व किसानों की फसल के पैसे जल्द ही किसानों के खाते में डालने की मांग उठाई। टाटकी ने कहा कि लाडवा अनाज मंडी में उठान धीमा होने के कारण ठेकेदारों पर जुर्माना लगाया था। इसके साथ ही आगे से उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे लेकिन इसके बावजूद अभी भी किसानों की फसल के उठान न होने से किसानों की फसल के पैसे उनके खाते में नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि गेहूं का उठान समय पर न होने के कारण खराब मौसम व बारिश से गेहूं को हुए नुकसान व किसानों की अदायगी देरी से किसानों को वित्तीय हानि हो रही है। वहीं वीरवार को हुई बारिश में भी गेहूं भीगा है।
7 लाख 57 हजार गेंहू की खरीद हो चुकी
मंडी सचिव संत कुमार ने कहा कि अभी तक सात लाख 66 हजार किवंटल गेंहू की आवक हो चुकी है। इसमें से अभी तक 7 लाख 57 हजार गेंहू की खरीद हो चुकी है। साथ ही 5 लाख 24 हजार गेंहू का उठान हो चुका है। सचिव ने कहा कि उठान में तेजी आई है जिसके कारण 70 फीसदी गेंहू का उठान हो गया है। इस अवसर पर युवा प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण लालर,फ़तेह सिंह प्रदेश महासचिव, पार्थी सिंह प्रदेश सचिव, देवा सिंह प्रदेश महामंत्री साथ रहे।