हिमाचल: खनन के दौरान चट्टान गिरने से तबाह हुआ आंगनबाड़ी केंद्र, छ़ुट्टी के चलते बड़ा हादसा टला; देखें वीडियो
जिला शिमला के उपमंडल ठियोग की क्यार पंचायत के नमाना वार्ड का आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह से तबाह हो गया। प्राथमिक पाठशाला के भवन को भी नुकसान पहुंचा है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
प्राथमिक पाठशाला के भवन को भी नुकसान पहुंचा है। आंगनबाड़ी केंद्र में छह विद्यार्थी और प्राथमिक स्कूल में 20 से अधिक बच्चे पढ़ते हैं। गनीमत यह रही कि रविवार होने के कारण स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद थे। यदि यह घटना स्कूल समय के दौरान होती तो बच्चों और स्टाफ की जान को गंभीर खतरा हो सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था। सोमवार को स्थानीय महिलाएं और अभिभावक खनन कार्य को रुकवाने के लिए मौके पर पहुंचे तो ठेकेदार और वहां काम कर रहे कर्मचारियों ने काम बंद करने से इनकार कर दिया। इससे ग्रामीणों में रोष फैल गया और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई। इसके बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा।
ठियोग के नायब तहसीलदार-सह-कार्यकारी मजिस्ट्रेट और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का दौरा किया। इसके बाद एसडीएम ने ठेकेदार की ओर से किए जा रहे खनन कार्यों को पूर्णतः बंद करने का आदेश जारी किया। साथ ही, इस आदेश को सख्ती से लागू करने और अगले आदेश तक किसी भी प्रकार की खनन गतिविधि को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा खनन अधिकारी शिमला को निर्देश दिया कि वे मंगलवार को साइट का निरीक्षण करें। खनन कार्यों की वैधता और सुरक्षा मानदंडों के अनुपालन की जांच करें।
इस कार्रवाई की रिपोर्ट जल्द एसडीएम कार्यालय में प्रस्तुत करें। ठियोग बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) और देहा के ब्लॉक प्राथमिक शिक्षा अधिकारी (बीईईओ) को भी आंगनबाड़ी केंद्र नमाना और सरकारी प्राथमिक विद्यालय नमाना के बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है। उधर, देहा ब्लॉक के प्राथमिक शिक्षा खंड अधिकारी राजेश ने बताया कि ठेकेदार ने दस दिनों के भीतर हुए नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया है।
एसडीएम ठियोग शशांक गुप्ता ने बताया कि नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी को मौके का निरीक्षण करने भेजा गया था। स्कूल के पास हो रहे खनन कार्य को पूरी तरह से बंद करने का आदेश जारी किया है। इस आदेश का सख्ती से लागू करने को भी कहा है। जिला खनन अधिकारी को स्कूल पास हो रहे खनन कार्यों की वैधता और सुरक्षा मानदंडों के अनुपालन की जांच करने के निर्देश दिए हैं। नमाना के आंगनबाड़ी और स्कूल के कर्मचारियों सहित बच्चों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.