{"_id":"698c51d864651cbdd20b8026","slug":"rampur-bushahr-news-from-february-18-to-23-the-consecration-of-mangala-kali-and-devta-dognu-temple-will-take-2026-02-11","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Rampur Bushahr News: 18 से 23 फरवरी तक होगी मंगला काली एवं देवता दोगणू मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rampur Bushahr News: 18 से 23 फरवरी तक होगी मंगला काली एवं देवता दोगणू मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर बुशहर।
Published by: अंकेश डोगरा
Updated Wed, 11 Feb 2026 03:24 PM IST
विज्ञापन
सार
बुधवार को माता मंगला काली मंदिर लालसा में बैठक आयोजित हुई। बैठक में अवगत कराया गया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह 18 से 23 फरवरी तक आयोजित होगा, जिसमें 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर...
माता मंगला काली मंदिर लालसा में बैठक आयोजित
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन
विस्तार
माता मंगला काली एवं देवता साहब दोगणू के नव निर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम 18 से 23 फरवरी तक आयोजित होगा। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को माता मंगला काली मंदिर लालसा में बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने की। बैठक में मंदिर कमेटी के सदस्य और विभिन्न विभागाधिकारी मौजूद रहे।
Trending Videos
बैठक में अवगत कराया गया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह 18 से 23 फरवरी तक आयोजित होगा, जिसमें 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए कानून व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाएं, अग्नि सुरक्षा और परिवहन प्रबंधन सहित विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं।
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्होंने समारोह अवधि के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, यातायात कर्मियों, मेडिकल टीम, एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए और विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के आसपास श्रद्धालुओं के ठहराव को लेकर उपयुक्त स्थानों और वाहनों की पार्किंग के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान मंदिर के पदाधिकारियों एवं कारदारों ने प्रशासन की ओर से समय रहते की जा रही तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि समारोह के दौरान मंदिर प्रबंधन की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन की ओर से जारी दिशा निर्देशों का पालन करें। निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत कुक्कू शर्मा, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, हिमाचल पथ परिवहन निगम, अग्निशमन विभाग के अधिकारियों सहित मंदिर के कारदार एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।