लश्कर मॉड्यूल पर शिकंजा: महिला समेत चार आतंकी मददगार हथियारों के साथ गिरफ्तार, हैंड ग्रेनेड और AK-47 बरामद
श्रीनगर में पुलिस ने एक महिला समेत चार आतंकी मददगारों को हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से हैंड ग्रेनेड, एके47 की गोलियां और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर में बुधवार रात एक महिला समेत चार आतंकी मददगारों को गोला-बारूद व अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों पर आतंकियों को लॉजिस्टिक सहायता देने के आरोप हैं।
गिरफ्तार ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) में जहूर अहमद मीर, बशीर अहमद भट और गुलाम मोहम्मद भट शामिल हैं। ये सभी हजरतबल के रहने वाले हैं। पकड़ी गई महिला की पहचान शाजिया मोहम्मद निवासी हजरतबल के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि इन आतंकी मददगारों के पास एक हैंड ग्रेनेड, एके47 राइफल के 15 राउंड, चार मोबाइल, तीन लेटरहेड और कुछ नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। बता दें कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हाल में लश्कर-ए-ताइबा के आतंकी माॅड्यूल का भंडाफोड़ करने के बाद से श्रीनगर शहर और आसपास के इलाकों में ओजीडब्ल्यू र नकेल कसनी शुरू की है। बीते एक सप्ताह में लश्कर से जुड़े आठ आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया गया है।
इससे पूर्व बीते शनिवार जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में चार आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई एसडीपीओ खान्यार और एसएचओ नौहट्टा के नेतृत्व में पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी), सीआरपीएफ और सीआरपीएफ के जवानों ने हवल इलाके में तिबेतियन स्कूल देविआंगन में चलाया था।
सुरक्षाबलों ने एक टाटा नेक्सोन गाडी (जेके01एएल5879) में चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से चार ग्रेनेड, चार मोबाइल, चार फर्जी आधार कार्ड, लश्कर के धमकी भरे चार पोस्टर सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई थी। आरोपियों में रैनावारी का सैयद अहमद पारिमू, नौहट्टा का रमीज अहमद मट्टू, नवाकदल का फिरदौस अहमद भट और बटपोरा का मोहम्मद यासीन भट शामिल है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार एफआईआर दर्ज कर शुरुआती जांच में सामने आया है कि अब तक पकड़े गए आठ आतंकी मददगार लश्कर के लिए काम कर रहे थे। आतंकवादियों को सहायता प्रदान करते थे।
पुलवामा में आतंकी मददगार की संपत्ति जब्त
पुलवामा जिले में वीरवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक आतंकी मददगार की जमीन जब्त कर ली है। राजपोरा के अभमा-द्राकलारुन इलाके में यह संपत्ति (तीन कनाल चार मरला) तनवीर अहमद वानी उर्फ बरदाना की है। एक अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई जम्मू में विशेष एनआईए अदालत की ओर से 2 जनवरी 2026 को जारी आदेश के बाद गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत की गई है। एनआईए ने वर्ष 2020 में प्राथमिकी दर्ज की थी। मामला जम्मू-कश्मीर में आतंकियों और उनके मददगारों की ओर से रची गई साजिश से जुड़ा है। जांच के बाद कई गिरफ्तारियां हुईं और अब आरोपियों की संपत्तियों को जब्त किया जा रहा है।

कमेंट
कमेंट X