Jharkhand News: झारखंड के चरही में भीषण सड़क हादसा, हाथी भगाने वाली टीम के दो सदस्यों की मौत; आठ घायल
हजारीबाग के चरही के पास सड़क हादसे में हाथी भगाने वाली टीम के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। टीम रामगढ़ में हाथियों को आबादी से दूर खदेड़ने के बाद लौट रही थी, तभी कंटेनर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।
विस्तार
हजारीबाग के चरही के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाथी भगाने वाली टीम के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब टीम का वाहन रामगढ़ से हजारीबाग की ओर लौट रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा से आई यह टीम पिछले आठ दिनों से रामगढ़ क्षेत्र में जंगली हाथियों को आबादी वाले इलाकों से दूर खदेड़ने का कार्य कर रही थी। बताया जा रहा है कि चरही के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने टीम के वाहन को टक्कर मार दी।
वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ सदस्य घायल हो गए। मृतकों में वाहन चालक शहादत अली शामिल हैं, जो गाड़ी चला रहे थे। दूसरा मृतक हाथी भगाने वाली टीम का सदस्य था।
ये भी पढ़ें- Jharkhand News: रांची में मेयर पद की जंग में राजद की एंट्री, सुजाता कच्छप को समर्थन; कितना होगा सियासी असर?
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह हादसा उस समय हुआ जब टीम क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर हाथियों को रिहायशी इलाकों से दूर रखने का प्रयास कर रही थी। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।