Live
Bihar Budget 2026 Live: दोपहर दो बजे वित्त मंत्री पेश करेंगे बजट, शपथ लेकर सीएम नीतीश के अनंत सिंह ने छुए पैर
Bihar Budget 2026-27 Live News in Hindi: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। बिहार की नीतीश सरकार विधानसभा सत्र के दूसरे दिन यानी आज सदन में बजट पेश करेगी। बिहार बजट से संबंधित जानकारी के लिए जुड़े रहें हमारे साथ।
लाइव अपडेट
जदयू एमएलसी भीष्म साहनी क्या बोले?
जदयू के एमएलसी भीष्म साहनी ने विधान परिषद में पश्चिमी चंपारण स्थित अनुमंडलीय अस्पताल के नवीकरण का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से पूछा कि अस्पताल के नवीकरण का कार्य कब शुरू होगा। इस पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने बताया कि अस्पताल नवीकरण के लिए एक बार निविदा प्रकाशित की गई थी, लेकिन उसमें केवल एक ही कंपनी का आवेदन प्राप्त हुआ। नियमों के अनुसार उस निविदा को निरस्त कर दिया गया। मंत्री ने कहा कि स्थल को पहले ही तैयार कर लिया गया है, ताकि निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जा सके। उन्होंने बताया कि अब दोबारा निविदा प्रकाशित कर दी गई है और प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
दोपहर दो बजे पेश होगा बजट
वित्त मंत्री बिजेन्द्र यादव बिहार विधानसभा में दोपहर 2:00 बजे विधानसभा में बजट पेश करेंगे।पथ निर्माण एवं उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने दी जानकारी
पथ निर्माण एवं उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि राज्य सरकार को केंद्र सरकार की जमीन पर नजर नहीं डालनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आर ब्लॉक के पास केंद्र सरकार की जमीन पर 500 करोड़ रुपये की लागत से विश्व स्तरीय स्टेशन का निर्माण हो रहा है, इसलिए केंद्र को अपने कार्य निर्बाध रूप से करने देना चाहिए।
मंत्री ने सदन में यह भी दावा किया कि अगली बार जब वे विधानसभा आएंगे तो 1000 से अधिक उद्योगों के नाम गिनवाएंगे, अन्यथा सदन में प्रवेश नहीं करेंगे।
एमएलसी सुनील सिंह ने लगाए आरोप
एमएलसी सुनील सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि अगर यहां के मुख्य सचेतक अपनी आंख का ऑपरेशन कराने के लिए दिल्ली जाते हैं, तो इसकी वजह यह है कि उन्हें डर है कि अगर वे यहां इलाज कराएं तो स्थानीय डॉक्टर उनकी आंख खराब कर सकते हैं।
अल्ट्रासाउंड करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग
CPIML नेता शशि यादव ने अल्ट्रासाउंड करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की। उनका आरोप है कि अल्ट्रासाउंड से भ्रूण जांच की जाती है, जिससे बच्चियों की संख्या में कमी हो रही है। इसके जवाब में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना चला रही है। उनके पढ़ने के लिए सारी व्यवस्थाएं की गई हैं। सरकार की अलग-अलग योजनाएं उनके लिए की गई हैं। अगर ऐसी जानकारी होती है तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।नीट छात्रा दुष्कर्म-मौत केस पर कार्यस्थगन प्रस्ताव
सदन में विपक्ष ने नीट छात्रा से रेप-मौत का मामला उठाते हुए कार्यस्थगन का प्रस्ताव दिया। वाम दल विधायक अरुण सिंह ने सीबीआई जांच की जगह सुप्रीम कोर्ट के सीटिंग जज से जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि एक निश्चित सीमा में इसकी जांच पूरी करने का निर्देश दिया जाए। कार्यस्थगन के प्रस्ताव को स्थगित करते हुए स्पीकर प्रेम कुमार ने कहा, सरकार ने इस मामले में संज्ञान लिया है। मामले की जांच चल रही है। कार्रवाई होगी।
एमएलसी सुनील सिंह और मंगल पांडे के बीच तीखी बहस
मंगल पांडे ने कहा कि 15 साल तक राजद की सरकार रही, लेकिन उस दौरान मेडिकल कॉलेज क्यों नहीं खुलवाए गए? उन्होंने आरोप लगाया कि राजद कभी नहीं चाहती थी कि मेडिकल कॉलेजों में बच्चे पढ़ें।
नीलगाय से फसलों की हो रही बर्बादी पर सत्ता पक्ष-विपक्ष ने जताई चिंता
नीलगाय से किसानों को हो रही परेशानी पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने एक साथ चिंता जताई है। इस संबंध में सकरा विधायक ने सवाल पूछा था कि नील गाय हर साल हजारों एकड़ फसल बर्बाद कर दे रही है। इस पर वन-पर्यावरण मंत्री ने बताया कि जिलवार शूटर्स की लिस्ट जारी कर दी गई है। इस सबंध में पंचायत के मुखिया को अधिकार दिया गया है।
इस पर अलग-अलग पार्टियों के सदस्यों ने कहा- आम आदमी को पता ही नहीं है कि किसे सूचना देनी है। मुखिया को पता ही नहीं है कि शूटर कौन है। सरकार हेल्पलाइन जारी करे अख़बार में विज्ञापन जारी करें। वहीं डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने नीलगाय शब्द का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी। इन्होंने कहा कि वन विभाग की तरफ़ से इसे घोड़पड़ास का नाम दिया गया है।
विधानसभा की कार्यवाही शुरू
अनंत सिंह ने ली शपथ
