UP: शाहजहांपुर में होटल के कमरे में कुर्सी पर लाश, कर्मचारी ने खोला दरवाजा तो मंजर देख रह गया सन्न
शाहजहांपुर के सदर बाजार स्थित स्वागत होटल में एक शख्स का शव कमरे में मिला। वह ऋषिकेश का रहने वाला था। शहर में उसकी ससुराल है। एक फरवरी को उसने होटल में कमरा लिया था।
विस्तार
शाहजहांपुर के सदर बाजार स्थित स्वागत होटल में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान ऋषिकेश के गंगानगर के गायत्री विला निवासी गौरव सक्सेना (47 वर्ष) के रूप में हुई। वह एक फरवरी की दोपहर करीब 12 बजे से होटल में रुके हुए थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे होटल का कर्मचारी कमरे में पहुंचा तो गौरव मृत अवस्था में मिले। वह कुर्सी पर बैठी अवस्था मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक गौरव सक्सेना की शाहजहांपुर के चौक कोतवाली के मोहल्ला मोहम्मदजई में ससुराल है। गौरव रविवार को दोपहर 12 बजे सदर बाजार थाना क्षेत्र के बहादुरगंज स्थित स्वागत होटल पहुंचे और कमरा मांगा। उन्हें फर्स्ट फ्लोर पर कमरा नंबर 107 दिया गया। सोमवार शाम को उनका एक मित्र मिलने भी आया था। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे होटल का कर्मचारी नाश्ते के लिए पूछने गया तो बाहर से आवाज देने पर कोई जवाब नहीं आया।
नाक में लगा था खून
उसने दरवाजा खटखटाया। फिर धक्का दिया तो दरवाजा खुल गया। कर्मचारी के मुताबिक कमरे के अंदर गौरव कुर्सी पर बैठे थे और उनकी नाक से हल्का खून निकला हुआ था। पास में उल्टी पड़ी हुई थी। अंदर का नजारा देखकर कर्मचारी घबरा गया और स्टाफ को बताया। सूचना पर सदर बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
जानकारी मिलने पर गौरव के ससुराल के लोग मौके पर आ गए लेकिन कोई बात करने से मना कर दिया। गौरव के परिजन सूचना मिलने पर ऋषिकेश से चल दिए हैं। एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि मृत्यु कैसे हुई। परिजनों से पूछताछ और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
