सब्सक्राइब करें

Live

Meenakshi Natarajan Controversy LIVE: नटराजन मामले में SC कल करेगा सुनवाई, आज नामवापसी की आखिरी तारीख

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: Dinesh Sharma Updated Thu, 11 Jun 2026 03:20 PM IST
विज्ञापन
खास बातें

Meenakshi Natarajan Nomination Rejection Live Updates in Hindi : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट के चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द हो गया है। इस पूरे प्रकरण के बाद कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने कल दिल्ली में निर्वाचन आयोग में जाकर अपना पक्ष रखा था। आज चुनाव आयोग अपना फैसला सुना सकता है। वहीं कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। पढ़ें पल-पल की अपडेट-

Meenakshi Natarajan Nomination Live Congress Leader Moves SC Against Rajya Sabha Nomination Rejection
मीनाक्षी नटराजन मामले में ताजा अपडेट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:18 PM, 11-Jun-2026

अदालत से उम्मीद : जीतू पटवारी

मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी - फोटो : ANI
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि अंदेशा जताया जा रहा कि लोकतंत्र, संविधान खतरे में है। ये उसी का आधार है। एक संघ का आदमी बैठ गया, रिटर्निंग ऑफिस बनकर। उसने अन्याय की पराकाष्ठा कर दी। चापलूसी की हद कर दी। इस तरह से राजनीतिक दवाब में आकर निर्णय लिया, ये अपने आप में मैसेज है कि देश में जैसे गांधीजी आए थे और सरकार का असहयोग किया था, उसी तरह अब इस सरकार के असहयोग की परिस्थिति निर्मित हो रही है। अदालत से हमें उम्मीद है। न्यायपालिका से उम्मीद है। समय आएगा, देखते हैं। अन्यथा सड़क पर जनता के बीच तो हैं ही। 
02:22 PM, 11-Jun-2026

देश को बचाने की लड़ाई : चौधरी

मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी - फोटो : ANI
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि यह लड़ाई अब केवल राज्यसभा चुनाव या कांग्रेस पार्टी तक सीमित नहीं रह गई है। यह देश को बचाने की लड़ाई बन चुकी है। जब लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और नियमों की खुलेआम अनदेखी की जाती है, तब यह केवल एक राजनीतिक दल पर हमला नहीं होता, बल्कि लोकतंत्र और संविधान पर भी आघात होता है। कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ पूरी ताकत से संघर्ष करेगी।
12:55 PM, 11-Jun-2026

न्याय में इतनी देरी क्यों : सिंघार

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार - फोटो : अमर उजाला
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस को आज सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। उनका कहना था कि चुनाव आयोग चाहता तो इस मामले में बुधवार को ही फैसला दे सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में भाजपा उम्मीदवार के मामले में चुनाव आयोग ने निर्णय लिया था, लेकिन इस प्रकरण में आयोग ने कोई विचार नहीं किया। सिंघार ने कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर ने नियमों की अनदेखी की है।

उन्होंने कहा, "हमने सुप्रीम कोर्ट से तत्काल सुनवाई और निर्णय की मांग की थी। अदालत ने कल का समय दिया है, लेकिन न्याय में इतनी देरी क्यों हो रही है? कई मामलों में रातभर सुनवाई होती रही है।" उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा की कठपुतली की तरह काम कर रहा है और संवैधानिक संस्थाओं का उपयोग रबर स्टांप की तरह किया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने विश्वास जताया कि सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को न्यायपूर्ण फैसला देगा।

अदालत के निर्णय के बाद ही करें कार्यवाही
वहीं, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा विधानसभा पहुंचे और अपने समर्थकों के साथ विधानसभा गेट पर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा की निर्वाचन शाखा भाजपा के इशारे पर काम कर रही है। शर्मा ने कहा कि ऐसी जानकारी मिल रही है कि दोपहर एक से तीन बजे के बीच भाजपा के तीनों राज्यसभा उम्मीदवारों को विजयी घोषित कर प्रमाणपत्र दिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा, "हमने इस पर आपत्ति दर्ज कराई है। मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए विधानसभा की निर्वाचन शाखा को अदालत के निर्णय के बाद ही आगे की कार्रवाई करनी चाहिए।"
12:11 PM, 11-Jun-2026

सिंघवी ने रखे ये तर्क

मीनाक्षी नटराजन की याचिका पर कल होगी सुनवाई - फोटो : अमर उजाला
सुप्रीम कोर्ट कल कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की उस याचिका पर सुनवाई करेगा, जिसमें उन्होंने अपने राज्यसभा नामांकन पत्रों को खारिज किए जाने को चुनौती दी है। वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने न्यायमूर्ति पीके मिश्रा और न्यायमूर्ति अतुल एस. चंदुरकर की पीठ के समक्ष मामले का उल्लेख करते हुए इसे अत्यंत तत्काल सुनवाई योग्य मामला बताया और शीघ्र सुनवाई या अंतरिम आदेश की मांग की। अदालत ने उनकी दलीलों पर संज्ञान लेते हुए मामले को कल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया।

सिंघवी ने दलील दी कि रिटर्निंग ऑफिसर ने यह कहते हुए नामांकन खारिज किया कि नटराजन ने लंबित आपराधिक मामले की जानकारी नहीं दी, जबकि वास्तव में केवल समन जारी हुआ था और मामले में अभी तक संज्ञान भी नहीं लिया गया था। उन्होंने कहा कि यहां तक कि संज्ञान भी नहीं लिया गया था, फिर भी नामांकन खारिज कर दिया गया। याचिका में आरोप लगाया गया है कि रिटर्निंग ऑफिसर का निर्णय अवैध, मनमाना और पक्षपातपूर्ण है। साथ ही नामांकन खारिज करने के आदेश को तत्काल रद्द करने की मांग की गई है।
11:56 AM, 11-Jun-2026

याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई

वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने मीनाक्षी नटराजन की ओर से पेश होते हुए आरोप लगाया कि उनका नामांकन गलत कानूनी आधार पर संक्षेप में खारिज किया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई करने पर सहमति जताई, लेकिन साथ ही कहा कि वास्तविक कानूनी उपाय चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव याचिका (इलेक्शन पिटीशन) दायर करना है। 

11:49 AM, 11-Jun-2026

मीनाक्षी नटराजन को चुनाव आयोग पर भरोसा

पूरे मामले पर मीनाक्षी नटराजन का भी बयान सामने आया था। चुनाव आयोग के दफ्तर से बाहर आकर मीडिया से उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने हमारी बात सुनी है और सिंघवी जी ने पूरे मामले को विस्तार से उनके समक्ष रखा है। हमें संवैधानिक संस्थाओं पर पूरा भरोसा है। हम अपनी लड़ाई आगे भी जारी रखेंगे।
 
विज्ञापन
विज्ञापन
11:06 AM, 11-Jun-2026

कांग्रेस की बैठक में होगी चर्चा

गुरुवार को दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक भी आयोजित की गई है। पार्टी ने अपने सभी महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली तलब किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में ये बैठक होगी। बताया जा रहा है कि मीनाक्षी नटराजन का मामले पर भी इस बैठक में चर्चा हो सकती है। इधर कांग्रेस आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात कर सकती है। 

10:57 AM, 11-Jun-2026

चुनाव आयोग के फैसले का इंतजार

जो जानकारी सामने आ रही है, इसके मुताबिक कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को करीब 35 मिनट तक चुनाव आयुक्त से  बातचीत की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, मीनाक्षी नटराजन, भूपेश बघेल, अभिषेक मनु सिंघवी और विवेक तन्खा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बाहर आकर प्रेस को ब्रीफ किया था। उसमें सिंघवी ने बताया था कि चुनाव आयोग तक हमने हमारी बात पहुंचा दी है। उन्होंने हमारी बात पर विचार कर फैसला लेने का कहा है। हालांकि ये फैसला कब आएगा, इसका कहीं जिक्र नहीं है। बुधवार रात तक कोई फैसला नहीं आया। अब संभावना जताई जा रही है कि कुछ देर में चुनाव आयोग मामले में अपना फैसला सुना सकता है।
 

10:22 AM, 11-Jun-2026

Meenakshi Natarajan Controversy LIVE: नटराजन मामले में SC कल करेगा सुनवाई, आज नामवापसी की आखिरी तारीख

मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के बाद उठा सियासी तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामला देशभर में चर्चा में है। कांग्रेस ने भारत निर्वाचन आयोग से राहत मांगी, लेकिन अब तक कोई फैसला नहीं आया। अब पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। वहीं आज नाम वापसी की अंतिम तिथि है। संभावना जताई जा रही है कि चुनाव आयोग कुछ देर में फैसला सुना सकता है। 

क्या है पूरा मामला
दरअसल, राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र पर भाजपा ने आपत्ति दर्ज कराई थी। भाजपा का आरोप है कि मीनाक्षी नटराजन ने अपने शपथ पत्र में हैदराबाद की एक अदालत में लंबित प्रकरण की जानकारी नहीं दी है। इसी आधार पर भाजपा ने उनका नामांकन निरस्त करने की मांग की है। जांच के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रद्द कर दिया। वहीं कांग्रेस का कहना है कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। पार्टी के अनुसार उन्हें केवल अदालत की ओर से नोटिस प्राप्त हुआ था, इसलिए शपथ पत्र में इसका उल्लेख करने का कोई दायित्व नहीं था। कांग्रेस का तर्क है कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ किसी न्यायालय ने अभी तक आरोप तय नहीं किए हैं और न ही उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज है। इसलिए भाजपा की आपत्ति का कोई कानूनी आधार नहीं है। पूरे मामले को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग पहुंचकर अपनी बात रखी थी। अब कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट पहुंची है। 

नाम वापसी का आज आखिरी दिन
गुरुवार यानी 11 जून राज्यसभा उम्मीदवारों के नाम वापसी का आखिरी दिन है। मध्य प्रदेश के सियासी उठापटक से मामला पेंचिदा हो गया है। चुनाव आयोग के फैसले के साथ ही सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई पर भी सबकी नजरें हैं। 

विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed