सिलिंडर की किल्लत: गैस बिना स्वाद गुल, न नया कनेक्शन न रिफिलिंग, जुगाड़ भी हो गया फेल, सब परेशान
लखनऊ में 1000 से ज्यादा छोटे-बड़े होटल, 5000 से ज्यादा रेस्टोरेंट व मिठाई की दुकानें हैं। जहां व्यावसायिक सिलिंडर का इस्तेमाल होता है, लेकिन आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार केवल 3,500 व्यावसायिक कनेक्शन ही वैध हैं। ऐसे में नया कनेक्शन व रिफिलिंग न होने से जुगाड़ भी फेल हो रहा है।
विस्तार
लखनऊ शहर के आधे से ज्यादा रेस्टोरेंट, होटल व ढाबा संचालकों के पास व्यावसायिक गैस कनेक्शन नहीं हैं। इससे उन्हें अब गैस नहीं मिल पा रही है। बिगड़े हालात में अब नए कनेक्शन भी नहीं हो रहे हैं। मजबूरन भट्ठी के भरोसे आए दुकानदार अब परेशान होने लगे हैं।
राजधानी में 1000 से ज्यादा छोटे-बड़े होटल, 5000 से ज्यादा रेस्टोरेंट व मिठाई की दुकानें आदि हैं, जहां व्यावसायिक सिलिंडर का इस्तेमाल होता है, लेकिन आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार केवल 3,500 व्यावसायिक कनेक्शन ही वैध हैं। गैस संकट के कारण वर्तमान में व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति सामान्य दिनों के मुकाबले महज 45% रह गई है।
ये भी पढ़ें - आफत की बारिश: सीएम योगी ने अफसरों को 24 घंटे में राहत पहुंचाने का दिया निर्देश, बोले- लापरवाही अक्षम्य
ये भी पढ़ें - बाराबंकी की निवासी थीं दिग्गज कांग्रेसी नेता मोहसिना किदवई, गांधी परिवार की थीं करीबी
तेल कंपनियों ने अस्पताल, रेलवे और रक्षा जैसे आपातकालीन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है, जिससे आम दुकानदारों को जुगाड़ से भी गैस नहीं मिल पा रही है। यही हाल करीब 50 हजार रेहड़ी-पटरी दुकानदारों का है, जिनकी रिफिलिंग रुकने से काम ठप होने के कगार पर है।
केस-1: राणा प्रताप मार्ग पर पूड़ी सब्जी की दुकान चलाने वाले दुकानदार ने बताया कि उसके पास व्यावसायिक कनेक्शन नहीं है। घरेलू एलपीजी और भट्ठी से ही दुकान चल रही है।
केस-2: अमीनाबाद के मशहूर ढाबा संचालक ने बताया कि उनके पास व्यावसायिक कनेक्शन नहीं है, लेकिन किसी तरह काम चल रहा था, पर अब सिलिंडर न मिलने से भट्ठी से ही काम चला रहे हैं।
केस-3: निशातगंज में पूड़ी भंडार के नाम से दुकान चलाने वाले शख्स ने बताया कि व्यावसायिक और घरेलू दोनों ही सिलिंडरों से काम चला रहे हैं। जब जो मिल जाए। वरना भट्ठी तो है ही।
केस-4: डालीबाग स्थित एक चाय समोसा की दुकान चलाने वाले एक दुकानदार ने बताया कि उनके पास व्यावसायिक सिलिंडर तो है, लेकिन कनेक्शन नहीं है। एक महीना पहले तक गैस की कोई दिक्कत नहीं थी तो कनेक्शन नहीं लिया। अब 5,000 रुपये में भी यह सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। मजबूरी में हीटर और इंडक्शन का सहारा ले रहे हैं।
1,525 रुपये में लें छोटू सिलिंडर, 581 रुपये में कराएं रिफिल
छोटे दुकानदारों की सुविधा के लिए इंडियन ऑयल ने 5 किलो का छोटू सिलिंडर पेश किया है। इंडियन ऑयल के राज्य प्रमुख संजय भंडारी ने बताया कि दुकानदार मात्र 1,525 रुपये में नया कनेक्शन ले सकते हैं, जिसमें सिलिंडर की कीमत शामिल है। इसके बाद मात्र 581 रुपये में इसे रिफिल कराया जा सकेगा। इसके लिए ग्राहक को अपनी नजदीकी गैस एजेंसी पर केवल एड्रेस प्रूफ देना होगा।
अभी 30 प्रतिशत ही आपूर्ति, आगे बढ़ेगी और दिक्कत
मिठाई कारोबारी एवं उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी का कहना है कि कंपनियां चाहें कुछ भी कहें, लेकिन व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति 30 प्रतिशत से ज्यादा नहीं है। सरकार ने घरेलू गैस के लिए कोटा 100 प्रतिशत कर दिया है। पहले यह 60 प्रतिशत था, शेष 40 प्रतिशत में बिना बुकिंग वालों को सिलिंडर मिल जाता था। अब नई व्यवस्था से छोटे दुकानदारों के सामने और दिक्कतें आएंगी।