Amethi: चढ़ते समय फिसला पैर, प्लेटफार्म और ट्रेन के पायदान के बीच गिरकर युवक की मौत; दवा लेने लखनऊ जा रहा था
अमेठी के निहालगढ़ स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से युवक की प्लेटफार्म और ट्रेन के पायदान के बीच गिरकर मौत हो गई। वह दवा लेने लखनऊ जा रहा था। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
यूपी के अमेठी में निहालगढ़ से लखनऊ जा रहे युवक की ट्रेन में चढ़ते समय गिरने से मौत हो गई। वह दवा लेने जा रहा था। उसके साथ उसकी भाभी और दो बच्चे थे। खबर मिली तो घरवाले रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे।
बताया गया कि निहालगढ़ कोतवाली के पिछूती कोट गांव निवासी शिवम सिंह (27), भाभी खुशबू, उनके दो जुड़वा बच्चे उन्नत और खुशबू (4) को लेकर लखनऊ दवा लेने जाने के लिए घर से गया था। निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से प्लेटफार्म और ट्रेन के पायदान के बीच गिर गया।
बच्चों की दवा लेने लखनऊ जाना था
उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर, जगदीशपुर ले जाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाभी खुशबू के अनुसार, शिवम तड़के करीब 4 बजे कचनाव स्थित अपनी मौसी शारदा सिंह के घर से इलाज के लिए पैसे लेकर निकला था। लखनऊ जाकर बच्चों की दवा लेनी थी।
बताया कि सुबह करीब 5 बजे सुल्तानपुर से मुंबई जाने वाली लोकमान्य तिलक ट्रेन में चढ़ते समय उन्होंने पहले दोनों जुड़वा बच्चों को सुरक्षित चढ़ा दिया। इसके बाद भाभी खुशबू को चढ़ाने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया। वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरपीएफ ने उन्हें बाहर निकालकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। लेकिन, वह बच नहीं सके।
बहन की गोद भराई से पहले घटना से घर में मातम
घटना से मृतक के पिता राम मनोरथ सिंह व माता दुर्गावती का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में बड़ा भाई सत्यम सिंह सूरत में रहकर काम करता है। शिवम की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। बताया गया कि 28 अप्रैल को उनकी बहन खुशी की गोद भराई का कार्यक्रम तय है। इससे पहले ही परिवार पर यह दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है। स्टेशन अधीक्षक निहालगढ़ लखनलाल मीना ने बताया कि ट्रेन आगे के लिए रवाना हो चुकी थी। हादसे के बाद चालक ने गाड़ी को कुछ मिनट रोकने के बाद गंतव्य के लिए रवाना हुआ।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.