Lucknow: सड़क हादसों में मदरसे की प्रधानाचार्य व दो अन्य की मौत, पुलिस केस दर्ज कर फुटेज खंगालने में जुटी
लखनऊ के दुबग्गा, माल और आलमबाग में अलग-अलग सड़क हादसों में मदरसे की प्रधानाचार्या, एक बाइक मैकेनिक और होटल मैनेजमेंट के छात्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक और तेल टैंकर की टक्कर से हादसे हुए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
दुबग्गा, माल और आलमबाग में हुए सड़क हादसों में मदरसे की प्रधानाचार्य, बाइक मैकेनिक और होटल मैनेजमेंट छात्र की मौत हो गई। पुलिस एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई।
दुबग्गा स्थित अंधे की चौकी स्थित नमरा कॉलोनी निवासी फातिमा खातून (39) मदरसे की प्रधानाचार्या थीं। उनके पति शाहिद अनवर उसी मदरसे में प्रबंधक हैं।पति शाहिद अनवर के मुताबिक तीन मार्च की शाम करीब चार बजे फातिमा दवा लेने पैदल जा रही थी। तभी घर के पास काकोरी की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक सड़क पार कर रही पत्नी से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी की पत्नी करीब दस फीट हवा में उछल कर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे के बाद बाइक चालक भाग निकला। पुलिस ने पत्नी को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान पत्नी ने दम तोड़ दिया। फातिमा की दो बेटियां इकरा व जिकरा भी हैं। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि बाइक नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
तेल टैंकर से टकराकर मैकेनिक की गई जान
माल के आजाद नगर निवासी बाइक मैकेनिक विशाल (26) के पिता सुरेंद्र के मुताबिक बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे बेटा बिना हेलमेट बाइक से रिश्तेदारी के घर से होली मिलकर लौट रहा था। तभी रुदानखेड़ा पुलिया के पास पीछे तेज रफ्तार तेल का टैंकर विशाल की बाइक से जा टकराया।
बेटा छिटक कर दूर जा गिरा। ग्रामीणों ने बेटे को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर नवाब अहमद ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने तेल टैंकर को कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है। विशाल के परिवार में मां उर्मिला, भाई अभिमान, बहन तमन्ना है।
जल्द ही होने वाली थी विशाल की शादी
पिता सुरेंद्र ने बताया कि बेटे की जल्द ही शादी होने वाली थी। घर में तैयारियां चल रही थीं। मगर बेटी की मौत से सारी खुशियां मातम में बदल गईं। बेटे की मौत से मां और बहन का रो-रो कर बुरा हाल है।
अचानक ब्रेक लगाने से बाइक के साथ फिसला छात्र, तोड़ा दम
आलमबाग इलाके के चंदननगर में रहने वाले आशुतोष मिश्रा (20) बीबीडी इंस्टिट्यूट से होटल मैनेजमेंट फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहे थे। भाई अर्पित ने बताया उनका आशुतोष बुधवार दोपहर बाइक से कुछ सामान लेने गया था। तभी उसने आलम बाग चौराहे के पास अचानक से ब्रेक मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित हुई और काफी दूर आशुतोष उसके साथ घिसटते हुए चला गया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल भाई को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बृहस्पतिवार देर रात उसने दम तोड़ दिया। आशुतोष के परिवार में पिता सुरेंद्र कुमार, मां लक्ष्मी और एक और भाई अभिजीत है।
