UP: अखिलेश यादव का गाजीपुर दौरा रद्द, पार्टी ने दी प्रतिक्रिया, सपा प्रमुख बोले- भाजपा से न्याय की उम्मीद नहीं
Akhilesh Yadav: गाजीपुर मामले में राजनीतिक तूल बढ़ता ही जा रहा है। इस बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का दौरा रद्द हो गया है।
विस्तार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का 29 अप्रैल को प्रस्तावित गाजीपुर का दौरा रद्द कर दिया गया है। वहां वह पीड़ित परिवार से मिलने के लिए जाने वाले थे। सपा की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि गाजीपुर में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य होने पर पीड़ित परिवार से मिलने का कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
भाजपा राज में पीड़ित परिवारों को नहीं मिल रहा न्याय : अखिलेश
सपा अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं और बेटियों के साथ अपराध की घटनाएं बहुत बढ़ गई हैं। गाजीपुर हरदोई, प्रतापगढ़ और फतेहपुर में बेटियों के साथ जघन्य घटनाएं हुई। पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला।
अखिलेश यादव मंगलवार को होटल सेंट्रम में एक कार्यक्रम मे हिस्सा लेने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गाजीपुर के पीड़ित परिवार को न्याय मिले और समाजवादी पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं पर लगाए गए झूठे मुकदमे वापस लिए जाने चाहिए। प्रतापगढ़ में दलित बेटी के साथ घटना हुई। फतेहपुर में मौर्य समाज की बेटी के साथ गलत करने वाला भाजपा संगठन का पदाधिकारी है। आरोपी को भाजपा सरकार खुद बचा रही है। गाजीपुर में बवाल करने और जातियों के बीच झगड़ा लगाने वाले मुख्यमंत्री के सजातीय हैं, इसीलिए कोई कार्रवाई नही हो रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा राज में अपराध पर जीरो टॉलरेंस का दावा झूठा है। भाजपा बंगाल में यूपी के रामपुर मॉडल पर बेईमानी करना चाहती है। भाजपा अधिकारियों पर अपने पक्ष में कार्य करने का दबाव बना रही है।
बंगाल में आईपीएस के रवैये से धूमिल हुई यूपी की छवि
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बंगाल चुनाव के दौरान ऑब्जर्वर बने उत्तर प्रदेश के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का जो अभद्र वीडियो सरेआम चल रहा है, उससे उत्तर प्रदेश सरकार के शासन-प्रशासन की छवि धूमिल हुई है। भाजपा सरकार के तथाकथित महिला सम्मान व नारी वंदन के दावों की पोल भी महिलाओं के सामने पूरी तरह खुल गई है। अखिलेश ने कहा कि देखते हैं इनका निलंबन या बर्खास्तगी कितनी जल्दी होती है। उन्होंने इसका सीधा संबंध मुख्यमंत्री की छवि से जुड़ा करार दिया है।
सपा ने गाजीपुर के पीड़ित परिवार को दिए पांच लाख
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गाजीपुर के पीड़ित परिवार को हमारे पूरे पीडीए समाज ने मिलकर 5 लाख रुपये की मदद की है। यह पीडीए की एकता का प्रतीक है। अखिलेश यादव ने कहा कि हम पीडीए के मान-सम्मान, समान अवसर और चतुर्दिक उत्थान के लिए संघर्ष करते रहेंगे।
यहां बता दें कि अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी प्रतिनिधिमंडल में शामिल पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर, विधायक जयकिशन साहू, और रीता विश्वकर्मा ने पीड़ित परिवार से मिलकर समाजवादी पार्टी की ओर से 2 लाख रुपये और विश्वकर्मा समाज की ओर से 3 लाख रुपये से गाजीपुर के पीड़ित परिवार की मदद दी।
