UP: राजधानी में छह साल की उम्र से सौतेली बेटी का पिता कर रहा था यौन शोषण, गर्भवती होने पर मां ने कराया गर्भपात
राजधानी में एक युवती ने सौतेले पिता पर बचपन से यौन शोषण और दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती के मुताबिक, मां ने भी शिकायत दबाने, जबरन गर्भपात कराने और पति पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने में भूमिका निभाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर मजिस्ट्रेट के सामने बयान कराने की प्रक्रिया शुरू की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पिता-पुत्री के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। गोमतीनगर विस्तार इलाके में रहने वाली 20 वर्षीय युवती ने अपने सौतेले पिता पर छह साल की उम्र से शारीरिक शोषण और दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि उसने अपनी मर्जी से एक युवक से शादी की तो उसकी मां ने उसके पति पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।
इतना ही नहीं, युवती को बहाने से घर बुलाकर उसका गर्भपात भी करा दिया। पिता और मां की हरकतों से परेशान होकर युवती ने गोमतीनगर विस्तार थाने में दुष्कर्म, गर्भपात, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है।
युवती के अनुसार, जब वह छह साल की थी, तब उसकी मां ने अपने पहले पति से तलाक लेकर एक तलाकशुदा व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली थी। युवती का आरोप है कि छह साल की उम्र से ही सौतेले पिता उसका शारीरिक शोषण करते थे। उम्र छोटी होने की वजह से उसे कुछ समझ में नहीं आता था। आरोप है कि जब वह 12 साल की हुई तो सौतेले पिता ने पहली बार उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने उस वक्त मां को इस बारे में बताया तो मां ने पिता के खिलाफ कोई कार्रवाई करने के बजाय उसे ही चुप करा दिया।
वर्ष 2022 में कराया निकाह, कुछ ही सप्ताह में कराया तलाक
युवती का आरोप है कि वह लगातार प्रताड़ना झेलती रही। इस बीच, जब वह 16 साल की थी तो पिता और मां ने उसका एक युवक से निकाह करा दिया। आरोप है कि कुछ ही सप्ताह बाद पिता ने उसका तलाक भी करा दिया।
पुलिस ने पारिवारिक विवाद बताकर मामले को दबाया
युवती का आरोप है कि वर्ष 2023 में उसने पिता और मां के खिलाफ पुलिस से शिकायत की थी। नाबालिग होने की वजह से पुलिस ने मामले को पारिवारिक विवाद बताते हुए कार्रवाई नहीं की और युवती को उसकी मां के साथ भेज दिया।
अपनी मर्जी से शादी की तो पति पर धर्म परिवर्तन का दबाव
युवती के अनुसार, वर्ष 2024 में पिता और मां से परेशान होकर उसने महोबा निवासी एक युवक से शादी कर ली। इस बीच वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि युवती की मां को जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने उसके पति पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और युवती को बहाने से अपने घर बुला लिया। घर आने के बाद मां ने उसका गर्भपात करा दिया। इस बात की जानकारी जब युवती के पति को हुई तो उन्होंने तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल कर दी।
एफआईआर दर्ज कराने के बाद घर से निकालने का आरोप
युवती के अनुसार, उसने मंगलवार को आरोपी सौतेले पिता और मां के खिलाफ गोमतीनगर विस्तार थाने में एफआईआर दर्ज कराई। एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि युवती की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्द ही उसके मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए जाएंगे और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवती ने आरोप लगाया कि बुधवार को वह काम से बाहर गई थी। वापस लौटने पर पिता और मां ने उसे घर में घुसने नहीं दिया और ताला लगा दिया। उसने पुलिस से मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस ने किसी तरह युवती को घर में रहने के लिए एक कमरा दिलाया।