UP: ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे फेज का लोकार्पण, दौड़ने लगा ट्रैफिक, गोमती नदी किनारे 10 किमी और होगा विस्तार
लखनऊ में गोमती नदी किनारे बन रहे ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण का लोकार्पण किया गया और तीसरे व चौथे चरण का शिलान्यास भी हुआ। लगभग 28 किमी लंबे इस कॉरिडोर से आईआईएम रोड से गोमती नगर तक सफर आसान होगा। परियोजना से लाखों लोगों को तेज और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
विस्तार
गोमती नदी किनारे बन रहे ग्रीन कॉरिडोर का 10 किमी और विस्तार होगा। यह घोषणा शुक्रवार को देश के रक्षामंत्री और राजधानी के सांसद कॉरिडोर के दूसरे फेज के लोकार्पण और तीसरे व चौथे फेज के शिलान्यास मौके पर की। अभी यह आईआईएम से किसान पथ तक 28 किमी के दायरे में बनाया जा रहा है।
दूसरे फेज का भी शुभारंभ होने से हर दिन करीब दो लाख आबादी को आवागमन में फायदा होगा। लोकार्पण के बाद आवागमन भी शुरू हो गया और लोग अब आईआईएम से गोमती नगर तक तक 20 से 25 मिनट में आ जा सकेंगे, इसी दूरी को तय करने में अभी दोगुना समय लगता था।
गोमती नदी के दोनों तट पर चार लेन ग्रीन कॉरीडोर का निर्माण करीब 7000 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस काम की शुरुआत करीब तीन साल पहले तत्कालीन एलडीए वीसी इंद्रमणि त्रिपाठी के समय हुई थी। उन्हीं के समय इसके टेंडर फाइनल किए गए थे और मौजूदा वीसी प्रथमेश कुमार ने इसे रफ्तार देकर आगे बढ़ाया। कॉरिडोर का यह काम चार फेज में हो रहा है।
इसमें पहला फेज का काम आईआईएम रोड से पक्का पुल तक, दूसरा फेज में पक्का पुल से पिपराघाट तक, तीसरे फेज पिपराघाट से शहीद तक और चौथा फेज में शहीद पथ से किसान पथ तक है। इसमें पहले फेज पर आईआईएम से पक्का पुल का काम करीब डेढ़ साल पहले पूरा हो चुका है और उस पर ट्रैफिक भी चल रहा है।
शुक्रवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने दूसरे फेज में डालीगंज से गोमती नगर के समतामूलक चौक तक के ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण किया। करीब सात किमी मीटर लंबे इस रूट पर 1519 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इस मौके पर उन्होंने तीसरे और चौथे फेज के काम का शिलान्यास भी किया।
विस्तार पर रक्षामंत्री की मोहर
गोमती नदी तट पर बनाए जा रहे ग्रीन कॉरिडोर का नैमिष नगर योजना तक विस्तार पर शुक्रवार को देश के रक्षा मंत्री और राजधानी के सांसद राजनाथ सिंह ने भी मोहर लगा दी। विस्तार होने के बाद ग्रीन कॉरिडोर एलडीए की नैमिष नगर योजना से सीधे जुड़ जाएगा।
जिससे लाखों लोगों को आनाजाना आसान हो जाएगा। इसके लिए आईआईएम रोड पर गोमती नदी के बायें तट पर बनेगा। इसमें तीन किमी बंधा होगा और करीब सात किमी रोड बनेगी। एलडीए की बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव दो महीने पहले पास हो चुका है और दो सप्ताह पहले शासन ने करीब 88 करोड़ रुपये का बजट भी पास कर दिया है।
दूसरा फेज शुरू होना से यहां होगा आनाजाना आसान
समतामूलक चौक से आईआईएम रोड, निशातगंज, हनुमान सेतु, डालीगंज, पक्कापुल, केजीएमयू, लखनऊ विश्वविद्यालय, केजीएमयू, चौक, आईटी चौराहा, परिवर्तन चौक आदि।
कितना लंबा है किस फेज का ग्रीन कॉरिडोर
- आईआईएम रोड से पक्का पुल तक- 07 किमी
- पक्का पुल से पिपराघाट तक - 09 किमी
- पिपराघाट से शहीद तक- 06 किमी
- शहीद पथ से किसान पथ तक- 06 किमी