लखनऊ: लोहिया में बनेगा यूपी का दूसरा सबसे बड़ा व उन्नत ट्रॉमा सेंटर, गंभीर घायल मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
लखनऊ के लोहिया संस्थान में यूपी का दूसरा सबसे बड़ा व उन्नत ट्रॉमा सेंटर बनेगा। इससे हादसों में गंभीर घायल मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। आगे पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हादसों में घायल गंभीर मरीजों को अब लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में और बेहतर इलाज मिल सकेगा। संस्थान में यूपी का दूसरा 300 बेड वाला उन्नत ट्रॉमा सेंटर बनाने की तैयारी तेज हो गई है (पहला उन्नत ट्रॉमा सेंटर केजीएमयू में है, जो 450 बेड का है)। शहीद पथ परिसर से लगी करीब साढ़े चार एकड़ जमीन पर इसका निर्माण होगा। संस्थान के छठवें स्थापना दिवस पर रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में उपलब्धियों और भावी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पेश की गई।
निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने बताया कि संस्थान के विस्तार के लिए 1,010 बेड के अस्पताल और 1,085 नए पदों को मंजूरी मिली है। अब तक 600 रोबोटिक सर्जरी हो चुकी हैं। प्रदेश का दूसरा रोबोटिक किडनी ट्रांसप्लांट भी लोहिया में हुआ। इमरजेंसी में मरीजों को एंबुलेंस से उतारकर विभाग तक पहुंचाने के लिए पोर्टर सुविधा शुरू की गई है। यह सुविधा शुरू करने वाला लोहिया देश का पहला सरकारी संस्थान है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 तकनीकी व पैरामेडिकल स्टाफ को नियुक्ति पत्र भी बांटे।
पुस्तक सीओपीडी: सही जानकारी, सही देखभाल का विमोचन
समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में लोहिया के रेस्पिरेटरी मेडिसिन के हेड डाॅ. अजय कुमार वर्मा की पुस्तक सीओपीडी: सही जानकारी, सही देखभाल का विमोचन हुआ ,जो इस पर पहली हिंदी पुस्तक है। डॉ. एसएस नाथ की पुस्तक क्रिटिकल केयर पर्ल्स का भी विमोचन हुआ।
मेहनत और लगन से जीती जा सकती है दुनिया : ब्रजेश पाठक
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि छह साल में लोहिया संस्थान ने जिस तेजी से पहचान बनाई, वह मिसाल है। यहां से चिकित्सा क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार पाने वाला वैज्ञानिक निकलने की उम्मीद है। छात्रों से कहा कि सिर्फ डिग्री और अंक नहीं, कौशल, मेहनत और लगन से दुनिया जीती जा सकती है। उन्होंने एसआर-जेआर को अस्पताल की असली ताकत बताया। राजनीतिक टिप्पणी करते हुए उन्होंने सपा पर निशाना साधा और कहा कि लोहिया के समाजवाद का झूठा दावा करने वाले लोग पूंजीपतियों के साथ खड़े हैं।लोहिया में आगे ये होगा
- 1,010 बेड का ब्रॉड-स्पेशियलिटी अस्पताल और 100 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक।
- 510 बेड का पीआरए, बहुमंजिला पार्किंग और 888 क्षमता वाले छात्रावास।
- न्यूरोसाइंसेज सेंटर, नर्सिंग कॉलेज और खेल परिसर का विस्तार।
- सुपर-स्पेशियलिटी व इमरजेंसी में बेड बढ़ाए जाएंगे।
- 1,085 नए पदों पर नियुक्तियां होंगी।
- बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी, प्रजनन चिकित्सा और वृद्धजन देखभाल केंद्र शुरू होंगे।
इन सुविधाओं का लोकार्पण
- हॉस्पिटल ब्लॉक में रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग की इंडोब्रोंकियल अल्ट्रासाउंड मशीन और 40 बेड के इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड का शुभारंभ
- ऑन्कोलॉजी भवन में पीएमआर विभाग की नेविगेटेड आरटीएमएस मशीन
- रेडियोलॉजी विभाग की 1.5 टेस्ला एमआरआई
- रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग की 4-डी सीटी सिमुलेटर
- न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग की स्पेक्ट सीटी मशीन
- मुख्य चिकित्सा भवन के छठे और सातवें तल पर अंग प्रत्यारोपण यूनिट
- राम प्रकाश गुप्ता मेमोरियल मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में रेडियोडायग्नोसिस ब्लॉक के पास 100 मरीजों की क्षमता वाला वेटिंग हॉल और उसके ऊपर निर्मित अतिरिक्त तल