सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UPSC Result: Lucknow youth hoist the flag of success, Vimal Kumar got 107th rank all India

UPSC Result: लखनऊ के युवाओं ने लहराया सफलता का परचम, विमल कुमार को मिली आल इंडिया 107वीं रैंक

अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: रोहित मिश्र Updated Fri, 06 Mar 2026 08:04 PM IST
विज्ञापन
सार

 संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को परिणाम जारी कर दिए हैं। लखनऊ के कई उम्मीदवारों ने अच्छी रैंक हासिल की है। 
 

UPSC Result: Lucknow youth hoist the flag of success, Vimal Kumar got 107th rank all India
परिवार के साथ विमल कुमार। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार

 संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को साल 2025 के फाइनल परिणाम जारी कर दिया। देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली इस परीक्षा में लखनऊ के मेधावियों ने कामयाबी का परचम लहराया है। राजधानी लखनऊ से परीक्षा की तैयारी करने वाले विमल कुमार को ऑल इंडिया 107वीं रैंक मिली हैं। जबकि अलीगंज निवासी आदर्श पांडेय को 347वीं रैंक प्राप्त हुई है।
Trending Videos


अलग-अलग पृष्ठभूमि से आने वाले इन अभ्यर्थियों की कहानियां यह साबित करती हैं कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य तक पहुंचा जा सकता है। किसी ने गांव की सादगी से उठकर यह मुकाम पाया, तो किसी ने विदेश में नौकरी करते हुए भी देश सेवा का सपना नहीं छोड़ा। इन युवाओं की उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए उम्मीद और प्रेरणा का संदेश है।
विज्ञापन
विज्ञापन


किसान के बेटे हैं विमल कुमार
इससे पहले वर्ष 2024 में भी यूपीएससी इंटरव्यू तक पहुंचा था। इस बार ईश्वर की कृपा और माता-पिता के आशीष से आल इंडिया 107वीं रैंक हासिल हुई। मैं रायबरेली के चांदेमऊ गांव का निवासी हूं। पिता रामदेव किसान हैं और मां सियावती देवी गृहिणी हैं। प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय से हासिल की, इसके बाद परिश्रम किया और आईआईटी दिल्ली से स्नातक किया। गांव की पृष्ठभूमि से आने के कारण कई चुनौतियां सामने आती हैं लेकिन मेहनत और धैर्य से उन्हें पार किया जा सकता है। तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से कहना चाहूंगा कि विपरीत परिस्थितियों में भी हार न मानें और खुद पर भरोसा बनाए रखें। - विमल कुमार , 107वीं रैंक

यूपीएससी में मिली 278वीं रैंक 
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में मुझे 278वीं रैंक प्राप्त हुई है। मैंने लखनऊ के राम मनोहर लोहिया नेशनल लाॅ यूनिवर्सिटी से 2023 बैच में पढ़ाई पूरी की और दिल्ली यूनिवर्सिटी से एलएलबी किया। मूल रूप से बरेली का रहने वाला हूं। वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस कर रहा हूं। मेरे पिता डॉ. पंकज कुमार भारत सरकार के कृषि मंत्रालय में कार्यरत हैं और मां वंदना रानी जापानी भाषा विशेषज्ञ हैं। इस वर्ष 26 जनवरी को मुझे नेशनल यूथ आइकॉन के रूप में राष्ट्रपति भवन में आमंत्रित किया गया। पिछले वर्ष विकसित भारत यंग लीडर कॉन्क्लेव में 40 लाख युवाओं में विजेता बना और भारत मंडपम में प्रधानमंत्री को प्रस्तुति देने का अवसर मिला।- वनज विद्यान, 278 रैंक

पहले भी पास की है परीक्षा
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में मुझे 347वीं रैंक प्राप्त हुई है। लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र का निवासी हूं। मूल रूप से मेरा परिवार अमेठी जिले के संग्रामपुर से जुड़ा है। मैंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई एलपीएस जानकीपुरम शाखा से की और इसके बाद सिटी लॉ कॉलेज, चिनहट से एलएलबी ऑनर्स किया। इससे पहले मैं यूपीएससी सीएसई 2024 भी पास कर चुका हूं और वर्तमान में भारतीय डाक सेवा में प्रशिक्षण ले रहा हूं। मेरी सफलता का आधार सेल्फ स्टडी, अनुशासन और स्पष्ट योजना रही है। मेरा मानना है कि निरंतर मेहनत और सही रणनीति से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।- आदर्श पांडेय, 347वीं रैंक

नौकरी करते हुए की पढ़ाई
पिछले दस वर्षों से अमेरिका में गूगल में स्टाफ सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्य कर रहा हूं। नौकरी जारी रखते हुए मैंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 402वीं रैंक हासिल की। इस सफर में मेरे पिता, सेवानिवृत्त स्टेट बैंक अधिकारी अरुण कपूर, मां रुचि कपूर और बड़े भाई आयुष कपूर मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा रहे। अमेरिका और भारत के समय अंतर को मैंने अपनी ताकत बनाया और ऑफिस के बाद नियमित पढ़ाई व ऑनलाइन मॉक टेस्ट देता रहा। सिलिकॉन वैली में काम करते हुए भी मेरे मन में देश सेवा का सपना था, जिसने मुझे निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।- पीयूष कपूर, 402वीं रैंक

 

आवासीय और अभ्युदय कोचिंग के 6 अभ्यर्थियों का यूपीएससी में चयन

समाज कल्याण विभाग द्वारा गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में संचालित आवासीय कोचिंग से निशुल्क प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्राप्त कर रहे 2 अभ्यर्थियों और अभ्युदय योजना के अंतर्गत मॉक इंटरव्यू देने वाले 4 अभ्यर्थियों का चयन सिविल सेवा परीक्षा (यूपीएससी) 2025 में हुआ है। सभी चयनित अभ्यर्थियों को समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बधाई दी है।

असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रयास है कि हर मेधावी युवा को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध हों। वहीं समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि भागीदारी कोचिंग स्थित आवासीय कोचिंग से विमल कुमार को 107वीं और विपिन देव यादव को 316वीं रैंक मिली है। वहीं भागीदारी भवन आवासीय कोचिंग एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत मॉक इंटरव्यू में शामिल मानसी को 444वीं, महेश जायसवाल को 590वीं, अदिति सिंह को 859वीं और तनीषा सिंह को 930वीं रैंक मिली है। 

बता दें कि समाज कल्याण विभाग द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए भागीदारी भवन में आवासीय कोचिंग का संचालन किया जा रहा है। यहां सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के साथ ही इंटरव्यू के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाते हैं, जहां विषय विशेषज्ञों और वरिष्ठ आईएएस और पीसीएस अधिकारियों द्वारा अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। अभ्यर्थियों को निशुल्क आवासीय सुविधा ,भोजन, पुस्तकालय, ऑनलाइन और ऑफलाइन क्लासेज की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed