सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   vidhan sabha Special session on 150th birth anniversary of Mahatma Gandhi

विशेष सत्र का बहिष्कार करने पर मुख्यमंत्री योगी बोले, विपक्ष का रवैया दुर्योधन जैसा

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ Published by: शाहरुख खान Updated Wed, 02 Oct 2019 10:50 PM IST
विज्ञापन
vidhan sabha Special session on 150th birth anniversary of Mahatma Gandhi
सदन में बोलते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानमंडल के विशेष सत्र की कार्यवाही का बहिष्कार करने पर विपक्षी दलों सपा, बसपा व कांग्रेस पर तीखा हमला किया। मुख्यमंत्री ने उनके रवैये की तुलना दुर्योंधन से की।

Trending Videos


मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्योधन धर्म व अधर्म के मर्म को समझता था। पर, उसकी मजबूरी थी कि धर्म की प्रवृत्ति को स्वीकार नहीं कर सकता था और अधर्म की प्रवृत्ति से मुक्त नहीं हो सकता था। विपक्ष दुर्योधन की इस उक्ति को साबित कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि जिन्होंने 14-15 वर्ष जंगलराज, अराजकता पैदा की, गरीबों के हकों पर डाका डाला, उन्हें 23 करोड़ लोगों के हितों पर चर्चा कैसे अच्छी लग सकती है। वे गरीबों के हित और उनके विकास में बाधक हैं। उन्हें लगता है कि विकास से जातिवाद खत्म हो सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा, विपक्षी दल समझते हैं कि सदन में चर्चा होगी तो उनकी सच्चाई सामने आ जाएगी। सच का सामना नहीं कर सकते, इसलिए वादा करके भी विपक्षी दल सदन का हिस्सा नहीं बने। गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने से विपक्ष तिलमिला रहा है। उसे यह व्यक्तिगत हितों पर कुठाराघात लग रहा है। 2019 के लोकसभा चुनाव ने साबित कर दिया कि लोग अब जातिवाद के नाम पर वोट नहीं डालते। जनता उन्हें सबक सिखाएगी।

बापू दूरदर्शी थे, चाहते थे कांग्रेस का विर्सजन, यह काम जनता कर रही

सीएम ने कहा, जिस कांग्रेस ने गांधी के नाम पर सत्ता हथियाई, वह भी सदन का बहिष्कार कर रहे हैं। गांधी का इससे बड़ा अपमान क्या होगा? गांधीजी की तरह हम स्वदेशी की बात करते हैं तो कांग्रेस विदेशी की। हम राष्ट्रवाद की बात करते हैं तो कांग्रेस आतंकवाद की। हम स्वावलंबन की बात करते हैं तो कांग्रेस परावलंबन की बात करती है।

उन्होंने कहा, महात्मा गांधी 1916 में वाराणसी गए थे। उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन किए थे। तब उन्होंने संकरी गलियों और मंदिर के सामने गंदगी का जिक्र किया था। 2014 तक कांग्रेस को कभी गांधी की बात याद नहीं आई। उनका सपना पीएम नरेंद्र मोदी पूरा कर रहे हैं। अब काशी विश्वनाथ धाम जाने के लिए 50 फीट चौड़ा रास्ता है, गंदगी नहीं है।

उन्होंने कहा, गांधी की आत्मा और दर्शन को सर्वाधिक क्षति कांग्रेस ने पहुंचाई है। बापू दूरदर्शी थे, उन्हें पता था कि कांग्रेस में ऐसा नेतृत्व आएगा जो उनके विचारों की हत्या करेगा। इसलिए उन्होंने कहा था कि कांग्रेस का विसर्जन कर देना चाहिए। बापू का यह काम जनता ने करना शुरू कर दिया है।

गांधी के साथ शास्त्री को भी किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा, गांधी इस युग के महानायक हैं। उन्होंने सादगी, स्वच्छता, ग्राम स्वराज और स्वावलंबन से आजादी की लड़ाई में जान फूंकी। वहीं, दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का कालखंड भले ही छोटा रहा हो, लेकिन वे गांधीवादी मूल्यों के लिए समर्पित प्रेरणापुंज थे। अनाज के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए शास्त्री हमेशा याद किए जाएंगे।

जन आंदोलन बनी स्वच्छता, यूपी को मिला पुरस्कार

मुख्यमंत्री ने कहा, स्वच्छ भारत मिशन देश के लिए जन आंदोलन बन गया है। प्लास्टिक मुक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प के साथ आज सभी मंत्रियों व विधायकों ने राजधानी के 110 वार्डों में जागरूकता अभियान चलाया है।

जो विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत अग्रणी काम करते हैं, सर्वेक्षण कराकर उनको सम्मानित किया जाना चाहिए। हमारी सरकार ने यूपी में दो करोड़ 60 लाख से ज्यादा शौचालय बनाए। शौचालय निर्माण से रोजगार सृजन हुआ। जिस समय यह विशेष सत्र चल रहा है, उसी समय स्वच्छता अभियान में सर्वाधिक जनभागीदारी के लिए पीएम नरेंद्र मोदी यूपी को सम्मानित कर रहे हैं।

एई-जेई के रोगियों व मौतों में भारी कमी
योगी ने कहा, सरकारी योजनाओं से कैसे बड़ा बदलाव आता है, इसे गोरखपुर व पूर्वांचल में जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) के खिलाफ बनाई कार्ययोजना से समझा जा सकता है। 1998 में सांसद बनने के बाद से मैं इस मामले को संसद से सड़क तक उठाता रहा, लेकिन किसी ने संज्ञान नहीं लिया।

मार्च 2017 में सत्ता में आने के बाद एई-जेई के रोगियों व मौतों में भारी कमी आई है। 2016 में एक्यूट इंसेफेलाइटिस (एई) से 3911 लोग ग्रसित हुए थे और 641 की मृत्यु हो गई थी। 2019 में एई के  मात्र 938 मरीज आए और 35 की मत्यु हुई। 38 जिलों में फैलने वाले दिमागी बुखार के खिलाफ सरकार का अभियान जारी है।

आत्मनिर्भर बना सकती हैं सरकारी योजनाएं

मुख्यमंत्री ने अयोध्या के एक अनुसूचित जाति परिवार का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे प्रधानमंत्री आवास से उनका जीवन बदल गया। हम उनके घर गए थे। सपा-बसपा सरकारों ने केंद्र को सहयोग नहीं किया। पिछली सरकारें लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस नहीं लाईं। प्रदेश में 2016 से 2019 के बीच 15 नए मेडिकल कॉलेज बने। इनमें से 7 में एडमिशन शुरू हुए। बचे 8 मेडिकल कॉलेजों में अगले साल से एडमिशन शुरू हो जाएंगे। गोरखपुर और रायबरेली एम्स में ओपीडी शुरू हुई।

स्मार्ट सिटी स्वर्णिम सपना
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी हमारा स्वर्णिम सपना है। हम उन सात महानगरों को भी स्मार्ट बना रहे हैं जो केंद्र की स्मार्ट सिटी योजना में शामिल नहीं हैं। गुणवत्तायुक्त शिक्षा हमारा लक्ष्य है। हम पीएम आवास योजना से लोगों को लाभ दे रहे हैं। अब तक सरकार ने 25 लाख से अधिक लोगों को आवास दिया। उज्ज्वला योजना में 1.35 करोड़ परिवारों को निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन दिए। सौभाग्य योजना में एक करोड़ 9 लाख बिजली कनेक्शन दिए।

मातृ-शिशु दर में कमी आई
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी आई है। पहले प्रदेश में भूख से मौतें होती थीं। हमारी सरकार ने 3.55 करोड़ परिवारों को राशन कार्ड दिए हैं। बंद चीनी मिलों को फिर से शुरू किया गया। गन्ने के रस से एथेनॉल बनाने की शुरुआत की। किसानों की आमदनी बढ़ा रहे हैं।

गांधी व गरीबों का अपमान

लगभग दो घंटे के संबोधन में सीएम ने कहा कि यूएनओ ने सतत विकास के विजन-2030 के16 लक्ष्य यूपी में लागू हुए हैं। 2014 में केंद्र में मोदी व 2017 में प्रदेश में उनके (योगी) नेतृत्व में सरकार बनने के बाद सतत विकास के लक्ष्यों पर कार्य शुरू हो गया है। गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिला समेत हर तबके के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई गई है।

गांधी की 150वीं जयंती पर पार्टी लाइन से ऊपर उठकर इन्हीं पर चर्चा का इससे बेहतर अवसर नहीं हो सकता। आश्चर्य होता है कि विपक्ष ने खुद को इससे अलग कर लिया है। यह सदन की अवमानना के साथ ही बापू, गरीबों व आमजन का भी अपमान है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed