कोलड्रिफ कफ सिरप कांड: SIT की बड़ी कार्रवाई, यहां दो डॉक्टर गिरफ्तार; 24 बच्चों की मौत के मामले में जांच तेज
छिंदवाड़ा के चर्चित कोलड्रिफ कफ सिरप कांड में एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले ही 9 आरोपी जेल में बंद हैं।
विस्तार
छिंदवाड़ा जिले के परासिया क्षेत्र में चर्चित कोलड्रिफ कफ सिरप कांड में विशेष जांच दल (SIT) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए डॉक्टरों में डॉ. अमन सिद्दीकी और डॉ. एस.एस. ठाकुर शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार एसआईटी टीम ने शनिवार दोपहर दोनों डॉक्टरों को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की। पूछताछ में मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर बाद में उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद पूरे कोयलांचल क्षेत्र में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
24 बच्चों की मौत के बाद बना था बड़ा मुद्दा
बताया जा रहा है कि कोलड्रिफ कफ सिरप के सेवन से 24 बच्चों की संदिग्ध मौत होने के बाद यह मामला पूरे जिले में सुर्खियों में आ गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इसकी जांच विशेष जांच दल (SIT) को सौंप दी थी।
एसआईटी पिछले कई महीनों से दवा के निर्माण, आपूर्ति और वितरण से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। जांच के दौरान टीम को दवा के उपयोग, डॉक्टरों द्वारा लिखे गए पर्चों और मेडिकल आपूर्ति से जुड़े कुछ अहम साक्ष्य मिले थे। इन्हीं तथ्यों के आधार पर दोनों डॉक्टरों को आरोपी बनाते हुए गिरफ्तारी की गई है।
पहले से 9 आरोपी जेल में बंद
इस बहुचर्चित मामले में इससे पहले भी कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। परासिया के डॉ. प्रवीण सोनी सहित कुल 9 आरोपी पिछले करीब छह महीनों से जेल में बंद हैं। जांच एजेंसियां लगातार यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर यह कफ सिरप बच्चों तक कैसे पहुंचा और इसके लिए जिम्मेदार लोग कौन-कौन हैं।
ये भी पढ़ें- जाको राखे साइयां..: बाइक सवार गर्भवती पुलिया से 20 फीट नीचे गिरी, फिर भी अस्पताल में स्वस्थ बच्ची को दिया जन्म
गिरफ्तारी के बाद फिर बढ़ी हलचल
दो और डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद पूरे कोयलांचल क्षेत्र में एक बार फिर इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन शुरू से ही इस प्रकरण में कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे हैं।
पीड़ित परिवारों को मिली कुछ राहत
लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे पीड़ित परिवारों ने दोनों डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद कुछ राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटना दोबारा न हो।

कमेंट
कमेंट X