{"_id":"6a415c7f741a10fb5c073daf","slug":"damoh-jail-dispute-hiv-positive-inmate-referred-to-sagar-damoh-news-c-1-1-noi1513-4446504-2026-06-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Damoh News: दमोह जेल में एचआईवी पॉजिटिव बंदी के नाखून से घायल हुआ कैदी, जिला अस्पताल से सागर IRTC रेफर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Damoh News: दमोह जेल में एचआईवी पॉजिटिव बंदी के नाखून से घायल हुआ कैदी, जिला अस्पताल से सागर IRTC रेफर
Sun, 28 Jun 2026 11:26 PM IST
दमोह ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
Published by: दमोह ब्यूरो
Updated Sun, 28 Jun 2026 11:26 PM IST
सार
दमोह जिला जेल में दो बंदियों के विवाद के दौरान एचआईवी संक्रमित बंदी का नाखून दूसरे बंदी को लग गया। एहतियात के तौर पर घायल बंदी को जिला अस्पताल से सागर आईआरटीसी रेफर किया गया। जांच रिपोर्ट और विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर आगे की चिकित्सकीय व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे पुलिसकर्मी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दमोह जिला जेल में रविवार दोपहर दो बंदियों के बीच हुए विवाद के दौरान एक एचआईवी पॉजिटिव बंदी का नाखून दूसरे बंदी को लग गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने घायल बंदी को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे एहतियात के तौर पर सागर स्थित आईआरटीसी (इंटीग्रेटेड रेफरल एंड ट्रीटमेंट सेंटर) रेफर कर दिया। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
घायल बंदी हत्या के प्रयास (धारा 307) के मामले में 10 वर्ष की सजा काट रहा है और वर्तमान में जिला जेल में निरुद्ध है। वहीं दूसरा बंदी शस्त्र अधिनियम की धारा 25 एवं 27 के मामले में जेल में बंद है। जेल प्रशासन के रिकॉर्ड के अनुसार वह एचआईवी पॉजिटिव है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- HIV संक्रमित आरोपी की खौफनाक साजिश, सबको 'बीमारी' देना चाहता था
विज्ञापन
हंगामे के दौरान हुआ विवाद
जेल उपाधीक्षक एमएल पटेल ने बताया कि रविवार दोपहर एक बंदी बैरक में हंगामा कर रहा था। उसी दौरान दूसरे बंदी ने उसे रोकने का प्रयास किया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। सूचना मिलने पर प्रहरियों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि जब प्रहरी दूसरे बंदी को बैरक से बाहर लेकर आ रहे थे, तभी पहले बंदी का नाखून उसके शरीर पर लग गया। घटना के बाद जब संबंधित बंदी का रिकॉर्ड खंगाला गया तो उसके एचआईवी पॉजिटिव होने की जानकारी सामने आई।
एहतियात के तौर पर सागर किया गया रेफर
घटना के बाद जेल प्रशासन ने बिना देर किए घायल बंदी को जिला अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे सागर आईआरटीसी रेफर कर दिया, ताकि आवश्यक जांच और चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के अनुसार उसका मूल्यांकन किया जा सके। जेल प्रशासन का कहना है कि सागर से जांच रिपोर्ट और विशेषज्ञों की सलाह मिलने के बाद आगे की चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल बंदी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
