दमोह में दर्दनाक हादसा: क्षतिग्रस्त पुल से बाइक गिरने पर तीन की मौत, शादी में जा रहे थे; परिवार में कोहराम
Accident: दमोह जिला में क्षतिग्रस्त पुल से मोटरसाइकिल गिरकर ब्यारमा नदी में समा गई, जिससे तीन युवकों की मौत हो गई। शादी में तेंदूखेड़ा जा रहे युवक शॉर्टकट लेते समय रास्ता भटक गए थे।
विस्तार
दमोह जिले में एक क्षतिग्रस्त पुल से मोटरसाइकिल गिरकर नदी में समा जाने से तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, मृतक सभी लगभग 20–22 वर्ष के थे और अपने एक मित्र की शादी में शामिल होने जा रहे थे। यह हादसा शुक्रवार रात करीब 11 बजे तेंदूखेड़ा ब्लॉक मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर सागर रोड पर हुआ।
उप पुलिस अधीक्षक (एसडीओपी) अर्चना अहिर ने बताया कि तीनों युवक रास्ता भटक गए थे और पुल के उस हिस्से तक पहुंच गए, जो पिछले वर्ष आई बाढ़ में आंशिक रूप से बह गया था। बाइक सवार ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद मोटरसाइकिल ब्यारमा नदी में जा गिरी। मृतकों की पहचान अजय घोसी, अमित कुर्मी और पवन कुर्मी के रूप में हुई है। वे पड़ोसी सागर जिले के निवासी थे और तेंदूखेड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
पढ़ें: महाशिवरात्रि पर उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब, महेश्वर में 2 लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना
अर्चना अहिर ने बताया कि 30 जुलाई पिछले वर्ष आई बाढ़ में नदी पर बना पुल बह गया था, जिसके बाद इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया था और लोगों को 20 किलोमीटर लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा था। हालांकि, तीनों युवक शॉर्टकट लेने की कोशिश में थे और सागर रोड पर लौटते समय रास्ता भटक गए।
पीछे दूसरी मोटरसाइकिल पर आ रहे परिजनों ने घटना की सूचना तेंदूखेड़ा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। युवकों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूर्व मंत्री एवं रेहली विधायक गोपाल भार्गव ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

कमेंट
कमेंट X