MP: पति से विवाद के बाद महिला ने बच्ची के मुंह में भर दी रुई, फिर कर ली आत्महत्या; मासूम की हालत गंभीर
गुना के कैंट थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद से परेशान महिला ने अपनी 10 माह की बच्ची को नुकसान पहुंचाने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बच्ची गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
मध्य प्रदेश के गुना जिले के कैंट थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपनी 10 माह की मासूम बच्ची के मुंह और नाक में रुई भरने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। गंभीर हालत में बच्ची का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान नानाखेड़ी निवासी 26 वर्षीय कीर्ति कुशवाह के रूप में हुई है। उसकी शादी इसी क्षेत्र के निवासी नीतीश कुशवाह से हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था, जो घटना से एक दिन पहले भी बढ़ गया था।
परिवार के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह कीर्ति ने घर के अन्य सदस्यों के साथ सामान्य रूप से पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह अपनी बच्ची के साथ घर पर ही थी। उस समय घर के अन्य सदस्य मंडी में काम करने चले गए थे, जिससे घर कुछ समय के लिए खाली हो गया। इसी दौरान कीर्ति ने यह कदम उठा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों और परिजनों ने महिला को नीचे उतारा और बच्ची को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने कीर्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि बच्ची को गंभीर हालत में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
पढ़ें: भोपाल में प्रॉपर्टी खरीदने की होड़, रेट बढ़ने से पहले रजिस्ट्री ऑफिसों में उमड़ी भीड़,बढ़ी डिमांड
ससुराल पक्ष का कहना है कि परिवार पर करीब एक लाख रुपये का बिजली बिल बकाया था। हर महीने लगभग 10 हजार रुपये जमा किए जा रहे थे, लेकिन हाल ही में भुगतान नहीं होने के कारण बिजली काट दी गई थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। बताया गया कि कीर्ति ने अपने पति से बिजली बिल जमा करने को कहा था, जिससे विवाद और बढ़ गया।
वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कीर्ति को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट भी होती थी। उनका आरोप है कि इसी मानसिक और शारीरिक दबाव के चलते उसने यह कदम उठाया। इस संबंध में मायके पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तहसीलदार की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराया है। कैंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों के आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जाएगी और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट
कमेंट X