Indore Weadher: इंदौर में फिर सुबह हुई बारिश, मौसम में ठंडक घुली, कई इलाकों की बिजली गुल
इंदौर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से लगातार दूसरे दिन मौसम का मिजाज बदला रहा, जिससे शुक्रवार की सुबह की शुरुआत भीगी सड़कों और ठंडी हवाओं के साथ हुई। बेमौसम बारिश और ठिठुरन ने शहर की फिजा में ठंडक घोल दी है।
विस्तार
इंदौर में लगातार दूसरे दिन बारिश हुई। शुक्रवार सुबह लोगों की नींद खुली तो सड़कें भीगी थीं। फिजा में ठंडक घुली हुई थी। कई क्षेत्रों में घरों में सो रहे लोगों की नींद सुबह बिजली गुल होने के कारण भी खुली, क्योंकि बारिश होते ही गुल हुई बिजली देर तक नहीं लौटी। आने वाले दो दिन तक मौसम में इसी तरह ठंडक घुली रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ के कारण वातावरण में नमी छाई है और मध्य प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो रही है।
आमतौर पर फरवरी माह में बारिश नहीं होती, लेकिन मौसम में आए इस बदलाव के कारण ठंड भी बढ़ गई है। गुरुवार रात को लोग स्वेटर और जैकेट लगाकर घरों से बाहर निकले। तापमान 15 डिग्री से कम दर्ज हुआ, हालांकि दिन में हवाओं की रफ्तार आम दिनों से ज्यादा थी, लेकिन धूप निकलने के कारण गर्मी भी महसूस होती रही।
ये भी पढ़ें: “यारियां क्लब” में अधिकारी बनेंगे छात्रों के दोस्त, मानसिक स्वास्थ्य के लिए प्रशासन की नई पहल
मौसम विभाग के अनुसार रविवार तक मौसम में ठंडक रहेगी। कहीं-कहीं बारिश का दौर भी शुरू हो सकता है। इसके बाद आसमान साफ रहेगा। इंदौर में गुरुवार सुबह भी बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने 7.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है।
कई इलाकों की बिजली गुल
बेमौसम बारिश ने बिजली कंपनी की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। शुक्रवार सुबह छह बजे से बिजली आंख-मिचौली खेलती रही। बारिश के साथ तेज हवाएं चली। आपको बता दें कि जनवरी और दिसंबर माह में भी बारिश का दौर चला और अब फरवरी में भी बारिश ने आमद दी।

कमेंट
कमेंट X