{"_id":"678f4734b1bc78bdab0692a4","slug":"10th-pre-board-exam-english-maths-and-science-papers-leaked-on-youtube-mandsaur-news-c-1-1-noi1351-2543463-2025-01-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Mandsaur News: 10वीं प्री-बोर्ड परीक्षा के इंग्लिश, गणित और विज्ञान के पेपर लीक, यूट्यूब पर किए गए अपलोड","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mandsaur News: 10वीं प्री-बोर्ड परीक्षा के इंग्लिश, गणित और विज्ञान के पेपर लीक, यूट्यूब पर किए गए अपलोड
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मंदसौर
Published by: मंदसौर ब्यूरो
Updated Tue, 21 Jan 2025 02:13 PM IST
विज्ञापन
सार
यूट्यूब चैनल 'एक्टिव स्ट्रॉन्ग स्टडी' पर अपलोड वीडियो में साफ लिखा है, "ऐसा आएगा 10वीं प्री-बोर्ड गणित का पेपर।" 25 मिनट 26 सेकंड के इस वीडियो में पूरे पेपर को हल भी किया जा रहा है।
इस तरह यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए विज्ञान व गणित के पेपर
विज्ञापन
विस्तार
मध्यप्रदेश में इन दिनों माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा चल रही है। मंगलवार को गणित का पेपर सुबह 11 बजे से शुरू होना था, लेकिन उससे पहले ही यूट्यूब पर गणित का पेपर लीक हो गया। 13 घंटे पहले गणित और 12 घंटे पहले विज्ञान का पेपर 'एक्टिव स्ट्रॉन्ग स्टडी' नामक यूट्यूब चैनल पर अपलोड कर दिया गया। सरकार के तमाम दावे धरे के धरे रह गए। सोमवार को अंग्रेजी का पेपर 11 बजे प्रारंभ हुआ, लेकिन परीक्षा से 6 घंटे पहले ही पूरा पेपर विद्यार्थियों के मोबाइल तक पहुंच गया। ऐसे में प्रदेश स्तर से जारी तमाम नियम मजाक बनकर रह गए। अधिकारी अब जांच करवाने की बात कह रहे हैं।
Trending Videos
दरअसल, 16 जनवरी से कक्षा 10वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा प्रारंभ हुई थी। सोमवार को तीसरा पेपर अंग्रेजी का था। यह विधिवत 11 बजे प्रारंभ हुआ, लेकिन मोबाइल पर यह अक्षरशः सुबह 6 बजे ही परीक्षार्थियों को मिल गया। अंग्रेजी के पेपर को अब तक हजारों विद्यार्थी यूट्यूब पर देख चुके हैं। इसी तरह, मंगलवार को कक्षा 10वीं का गणित का पेपर था, लेकिन 'एक्टिव स्ट्रॉन्ग स्टडी' नामक यूट्यूब चैनल पर यह पेपर 13 घंटे पहले ही अपलोड कर दिया गया। चैनल पर 12वीं के भी पेपर उपलब्ध करवाए गए हैं। सोल्यूशन का हवाला देकर इस तरह सरेआम प्री-बोर्ड परीक्षा की गोपनीयता की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि विद्यार्थियों की क्षमता का आकलन कैसे होगा। इससे तो बेहतर है कि शिक्षा विभाग परीक्षा ही न करवाए। प्रश्न-पत्र लीक पर प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी लोकेंद्र डाबी का कहना है कि पेपर यूट्यूब पर कैसे चल सकता है। एक्सेस तो प्राचार्य के पास होता है, यदि गणित का पेपर यूट्यूब पर चल रहा है तो जांच के बाद पता चलेगा कि क्या हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन
यूट्यूब चैनल 'एक्टिव स्ट्रॉन्ग स्टडी' पर अपलोड वीडियो में साफ लिखा है, "ऐसा आएगा 10वीं प्री-बोर्ड गणित का पेपर।" 25 मिनट 26 सेकंड के इस वीडियो में पूरे पेपर को हल भी किया जा रहा है। जितनी आसानी से पेपर को हल किया जा रहा है, उससे तो लगता है कि यह किसी गणित विशेषज्ञ ने किया है। 75 नंबर वाले गणित के पेपर में एक शब्द भी इधर-उधर नहीं है। यह स्पष्ट रूप से पूरा पेपर ही अपलोड हो चुका है।
बता दें कि प्री-बोर्ड परीक्षा के पेपर प्राचार्य की मेल आईडी पर भेजे जा रहे हैं। पहला पेपर खत्म होने के बाद ही दूसरा पेपर मेल पर भेजा जा रहा है। जैसे कि सोमवार को अंग्रेजी का पेपर समाप्त हुआ। इसके बाद प्राचार्य के मेल पर मंगलवार को होने वाला गणित का पेपर आया। अब पेपर कैसे और कहां से लीक हुआ यह जांच का विषय है। इससे पहले दिसंबर में हुई परीक्षा के पेपर थाने में रखवाए गए थे।

कमेंट
कमेंट X