{"_id":"69c14bebd2113a2ddf079f98","slug":"mp-crime-65-lakh-heist-busted-in-nandgaon-pardhi-gang-caught-father-son-held-in-sehore-theft-sehore-news-c-1-1-noi1381-4082767-2026-03-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"65 लाख चोरी का खुलासा: भैरूंदा से पंजाब तक पीछा, कचरा बीनते-बीनते बन गए करोड़पति, शातिर पारदी गैंग धराई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
65 लाख चोरी का खुलासा: भैरूंदा से पंजाब तक पीछा, कचरा बीनते-बीनते बन गए करोड़पति, शातिर पारदी गैंग धराई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
Published by: सीहोर ब्यूरो
Updated Mon, 23 Mar 2026 09:34 PM IST
विज्ञापन
सार
सीहोर पुलिस ने दो बड़ी चोरियों का खुलासा कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया। नंदगांव की 65 लाख और नेहरू कॉलोनी की 8 लाख चोरी में पारदी गैंग व बाप-बेटे शामिल थे। पुलिस ने जेवरात बरामद कर नेटवर्क ध्वस्त किया, जबकि कुछ आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस ने किया दो बड़ी चोरियों का खुलासा
- फोटो : credit
विज्ञापन
विस्तार
सीहोर जिले में चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व के बीच जहां हर ओर मां शक्ति की आराधना हो रही है, वहीं पुलिस ने भी अपराधियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेकर खुद को “शक्ति” के रूप में साबित किया है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के नेतृत्व में जिले की पुलिस टीम ने दो बड़ी चोरी की वारदातों का खुलासा कर अपराधियों के नेटवर्क को तहस-नहस कर दिया। इस कार्रवाई में बाप-बेटे समेत कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे जिले में अपराधियों के हौसले पस्त हो गए हैं।
Trending Videos
नंदगांव में 65 लाख की चोरी ने उड़ाई थी नींद
भैरूंदा थाना क्षेत्र के ग्राम नंदगांव में हुई 65 लाख रुपए की बड़ी चोरी ने पुलिस प्रशासन को हिला कर रख दिया था। फरियादी देवी सिंह भाटी अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर रिश्तेदारी में गए थे। शाम को लौटे तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर रखी अलमारी से सोने-चांदी के लाखों के जेवरात गायब थे। इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन शुरुआती सुराग बेहद सीमित थे। इसके बावजूद पुलिस टीम ने हार नहीं मानी और हर एंगल से जांच को आगे बढ़ाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: OBC युवाओं के लिए ‘शौर्य संकल्प योजना’ शुरू होगी, कर्मचारियों का DA 58%
पारदी गैंग का खौफनाक तरीका आया सामने
जांच में सामने आया कि यह वारदात किसी आम चोर की नहीं, बल्कि शातिर पारदी गैंग की थी। यह गैंग बेहद चालाकी से कचरा बीनने के बहाने गांव-गांव घूमती थी और सूने घरों की रेकी करती थी। गैंग का तरीका चौंकाने वाला था। पुरुष सदस्य घर से दूर निगरानी करते थे, जबकि महिलाएं घर के अंदर जाकर ताले तोड़ती थीं और चोरी को अंजाम देती थीं। ताकि किसी को शक न हो, चोरी के तुरंत बाद वे कचरा बीनते हुए वहां से निकल जाते थे।
पुलिस की रणनीति.. CCTV से पंजाब तक पीछा
एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने बताया कि गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र का सहारा लिया। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने पहले इछावर से कुछ आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि गैंग के अन्य सदस्य पंजाब भाग गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने पंजाब तक पीछा कर वहां से भी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
खेत में गाड़े गए थे लाखों के जेवरात
पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खेत में गड्ढा खोदकर चोरी का माल बरामद किया। इस दौरान करीब 40 तोला सोना और 800 ग्राम चांदी के जेवरात जब्त किए गए। बरामद सामान में बाजूबंद, कंगन, हार, चैन, अंगूठियां, पायल, बिछिया और चांदी के सिक्के शामिल हैं। कुल मिलाकर करीब 65 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया गया, जो पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें- सागर कार अग्निकांड: डॉक्टर पति ने ही रची थी पत्नी की हत्या की साजिश, अवैध संबंधों के चलते बुना मौत का जाल
8 आरोपी गिरफ्तार, गैंग का नेटवर्क ध्वस्त
एसपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने एमरसपाल पारदी (35) पिता रामप्रसाद पारदी, मधु पारदी(33) पति एमरूसपाल पारदी, राजेंद्र पारदी (25) पिता मोती सिंह पारदी, करन पारदी (21) पिता तेरू सिंह पारदी, दिव्या पारदी(22)पति राजेन्द्र पारदी, हलिका पारदी(22) पति राजेन्द्र पारदी, चंदा पारदी (52) पति मोतीसिंह पारदी समेत एक बाल अपचारी सभी निवासी ग्राम जूनापानी हाल निवासी वार्ड नं. 12 क़स्बा इछावर थाना इछावर जिला सीहोर को गिरफ्तार किया है। जबकि दो अन्य नाबालिग आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से पारदी गैंग का पूरा नेटवर्क ध्वस्त हो गया है, जो लंबे समय से इलाके में सक्रिय था।
नेहरू कॉलोनी में 8 लाख की चोरी का खुलासा
नंदगांव के बाद सीहोर शहर की नेहरू कॉलोनी में हुई चोरी भी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। यहां सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। यह वारदात सितंबर 2025 में हुई थी, लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर थे। लगातार जांच के बाद पुलिस को इस मामले में भी बड़ी सफलता मिली। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में तकनीकी विश्लेषण, साइबर सेल और वैज्ञानिक साक्ष्यों का सहारा लिया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और संदिग्धों से लगातार पूछताछ की गई। तकनीकी डेटा के गहन विश्लेषण के बाद पुलिस ने आखिरकार चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बाप-बेटा निकले मास्टरमाइंड
इस चोरी में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मुख्य आरोपी असलम अंसारी (48) पिता अब्दुल जब्बार अंसारी, निवासी दीवान बाग कस्बा सीहोर और उसका बेटा शाहिद अंसारी (24) पिता असलम अंसारी, निवासी दीवान बाग कस्बा सीहोर निकले। दोनों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। इनके साथ फरजाना पठान (25) पति जामिन पठान, निवासी छोटा किला आष्टा अब्दुल सलाम (45) पिता हबीब अंसारी, निवासी गहलोत पूरा कस्बा सीहोर को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के कब्जे से चोरी का पूरा माल और नगदी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों से सोने का हार, कंगन, अंगूठियां, नथ, टॉप्स और अन्य आभूषण बरामद किए हैं। साथ ही नकदी भी जब्त की गई है। कुल मिलाकर करीब 8 लाख रुपए का मशरूका बरामद हुआ है।
एक ही तरीका: सूने मकान, टूटा ताला और साफ हाथ
दोनों मामलों में चोरी का तरीका लगभग एक जैसा था। सूने मकानों की रेकी, ताला तोड़ना और कीमती सामान लेकर फरार हो जाना। इससे साफ है कि अपराधी पहले पूरी योजना बनाते थे और फिर वारदात को अंजाम देते थे। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर पुलिस का यह “एक्शन अवतार” आम जनता के लिए सुरक्षा का संदेश और अपराधियों के लिए चेतावनी बनकर सामने आया है।

चोरों से जब्त चोरी का माल

चोरों से जब्त चोरी का माल

कमेंट
कमेंट X