Bihar: आजादी के 76 साल बाद पटना से कनेक्ट हुआ दियारा इलाका, सीएम नीतीश कुमार बोले- सपना साकार हो गया
Kachi Dargah-Bidupur Bridge: सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि इस पुल से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार की सम्पर्कता के लिए लोगों को एक और वैकल्पिक मार्ग मिल गया। इससे आवागमन और सुगम हो जाएगा। हमलोग राज्य में गुणवत्तापूर्ण सड़कों एवं पुलों का लगातार निर्माण कर आवागमन को सुगम बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल के लोकार्पण से राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से पूरे वर्ष के लिए सड़क सम्पर्कता मिल गई। इस क्षेत्र में कृषि, उद्योग सहित अन्य व्यवसायों का और तेजी से विकास होगा। आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में मरीजों को भी काफी सुविधा होगी। महात्मा गांधी सेतु पर भी यातायात का भार कम होगा।
पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि राघोपुर दियारा के लोगों के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। इस इलाके के लोग दशकों से पीपा पुल और नावों के पटना से कनेक्ट थे। अब उन्हें स्थायी सड़क संपर्क मिलने जा रहा है। इस पुल ने अब राघोपुर को महज पांच मिनट में पटना से जोड़ दिया है।
100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल पाएगी गाड़ी
पथ निर्माण मंत्री ने बताया कि यह तकनीक देश के गिने-चुने पुलों में ही इस्तेमाल की गई है, जिसमें केबल्स को डेक के नीचे एक बिंदु से दूसरे बिंदु तक विशेष ढंग से जोड़ा गया है। इससे इसकी मजबूती कहीं अधिक हो जाती है। 19 किलोमीटर लंबी इस परियोजना का सबसे खास हिस्सा है 9.76 किलोमीटर लंबा एक्स्ट्रा डोज केबल स्टे ब्रिज, जो गंगा नदी पर बनाया गया है। इसकी चौड़ाई 32 मीटर है और यह पुल 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
यह भी पढ़ें: पटनावासियों को भारत के पहले डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर की सौगात; सीएम नीतीश कुमार ने किया शुभारंभ
मानसून में भी पटना से नहीं कटेगा राघोपुर
मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि अब तक मानसून में पीपा पुल हटा दिया जाता था। तब राघोपुर पटना से कट जाता था। लेकिन इस स्थायी पुल के तैयार होने से दियारा के लोग सालभर आवागमन कर सकेंगे। इसके साथ ही, राघोपुर की मुख्य सड़क (पंसरिया चौक) को जोड़ने के लिए 17 करोड़ रूपये की लागत से संपर्क पथ का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। इसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से न सिर्फ स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी बल्कि इस क्षेत्र में व्यापार, परिवहन और निवेश के नए रस्ते भी बनेंगे। दियारा क्षेत्र अब विकास की मुख्यधारा से जोड़ जाएगा और लोगों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार आएगा।