मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को अपनी प्रगति यात्रा के तीसरे चरण में सुपौल पहुंचे। सदर प्रखंड के बकौर पंचायत में उन्होंने जीविका दीदियों से संवाद किया और उनके काम की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बिहार में महिला सशक्तिकरण का सबसे बड़ा उदाहरण जीविका दीदियां हैं। इनके योगदान से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सामाजिक और आर्थिक बदलाव हुआ है।
Pragati Yatra: सीएम नीतीश कुमार ने जीविका दीदियों को सराहा, कहा- हमने दिया नाम, केंद्र सरकार ने अपनाया
Pragati Yatra Supaul: सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में विकास की गति महिलाओं के योगदान के बिना अधूरी है। जीविका दीदियां न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं, बल्कि सामाजिक बदलाव की धुरी भी बन रही हैं। पढ़ें पूरी खबर...।
शहरी इलाकों में भी विस्तार
सीएम ने बताया कि अब शहरी क्षेत्रों में भी एसएचजी का गठन हो रहा है। अब तक 26 हजार एसएचजी बनाए गए हैं, जिनसे तीन लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियां जहां भी काम कर रही हैं, वहां बदलाव नजर आता है। हम हमेशा उनके साथ खड़े हैं और उनकी जरूरतों को प्राथमिकता देते हैं।
210 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने सुपौल जिले में 298.07 करोड़ रुपये की 210 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें 134.22 करोड़ की 52 योजनाओं का उद्घाटन और 163.84 करोड़ की 158 योजनाओं का शिलान्यास शामिल था।
भेजा-बकौर पुल का हवाई सर्वेक्षण
सीएम ने कोसी नदी पर निर्माणाधीन भेजा-बकौर पुल का हवाई सर्वेक्षण किया और इसके निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इसके बाद बकौर पंचायत के बिजलपुर पुनर्वास टोला में उन्होंने विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। इस मौके पर स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं।
जल-जीवन-हरियाली योजना का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने जल-जीवन-हरियाली योजना के तहत परसौनी सार्वजनिक पोखर का निरीक्षण किया। पोखर के चारों ओर बनाए गए सीढ़ीनुमा घाट और पैदल मार्ग के निर्माण कार्य को उन्होंने सराहा। उन्होंने कहा कि यह एक बेहतरीन काम है, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
जीविका दीदियों के स्टॉल का अवलोकन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों और जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए 20 स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ये स्टॉल महिलाओं की उद्यमशीलता का उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से बातचीत कर उनकी उपलब्धियों और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली।
‘महिलाओं के बिना विकास अधूरा’
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में विकास की गति महिलाओं के योगदान के बिना अधूरी है। जीविका दीदियां न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं, बल्कि सामाजिक बदलाव की धुरी भी बन रही हैं। उन्होंने सभी जीविका दीदियों को उनकी कड़ी मेहनत और लगन के लिए बधाई दी।