केंद्रीय और राज्य की सुरक्षा एजेंसियां जहां एक ओर सीमा पार से नशा तस्करी को रोकने और तस्करों पर नकेल कसने में जुटी हैं, वहीं तस्करों के नए-नए तरीके इन एजेंसियों के लिए आए दिन चुनौती बनते जा रहे हैं। इसी के चलते सीमा पार पाकिस्तान से अब नशा तस्करी का नया तरीका अपनाया जा रहा है। पाक के तस्कर पंजाब सीमा से सटे खेतों व बॉर्डर फेंसिंग के पास नशे से भरी ईंटें फेंक रहे हैं। इस तरह की ईंटें पिछले दिनों सीमा सुरक्षा बल की विशेष टीम ने पकड़ी हैं। इन ईंटों में नशीला पदार्थ भरा हुआ था।
2 of 5
हेरोइन ड्रग
- फोटो : सोशल मीडिया
जांच में जुटी एजेंसी के सूत्रों ने बताया ये ईंटें फेंसिंग के पास पड़ी थीं और इनकी बनावट पर जब संदेह हुआ तो इन्हें कब्जे में लिया गया, क्योंकि इस बनावट की ईंट पंजाब क्षेत्र में अमूमन नहीं बनती हैं। इसके बाद जब इन ईंटों को तोड़कर देखा गया तो इनके बीच में पॉलिथीन में छिपाया गया नशीला पदार्थ मौजूद था। सूत्रों ने बताया कि इस तरह की ईंटों को सीमा पार पाक क्षेत्र में ही भट्ठों पर तैयार किया जाता है। पथाई के वक्त इन ईंटों में नशे के पैकेटों को भर दिया जाता है। इसके पश्चात तस्कर इन्हें फेंसिंग के पास रखते हैं।
होलो पंप और कोल्ड ड्रिंक की बोतलों का भी उपयोग
इसके अतिरिक्त पानी की मोटरों में इस्तेमाल होने वाले होलो पंप में भी नशा भरकर सीमा पार से भेजा जा रहा है। इस तरह के पंप अक्सर खेतों में लगते हैं। ऐसा ही एक पुराने पंप का टुकड़ा विगत दिनों बॉर्डर फेंसिंग के पास भारतीय सीमा में पड़ा मिला। एजेंसियों ने जब इसकी जांच की तो उसमें भी नशीला पदार्थ भरा हुआ था। पंप का यह टुकड़ा इस तरह पड़ा हुआ था जैसे किसी किसान ने जंग लगने के बाद इसे कबाड़ के तौर पर फेंक दिया हो। इसके साथ-साथ कोल्ड ड्रिंक की खाली बोतलों में भी पाकिस्तान से नशा भरकर खेतों में फेंका जा रहा है।
तस्करों के तरीके एजेंसियों के लिए चुनौती
पाक नशा तस्करों के इन नए तरीकों से भारतीय एजेंसियां भी हैरान हैं मगर सीमा सुरक्षा बल के एक अफसर का दावा है कि नशा तस्करों के ऐसे नापाक मंसूबों को नाकाम करने के लिए विशेष टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और इसके लिए पाक से सटे क्षेत्रों में डॉग स्क्वॉयड की टीमों के साथ गश्त और बढ़ा दी गई है।
5 of 5
भारत-पाकिस्तान सीमा।
- फोटो : फाइल
पाक से सबसे ज्यादा हेरोइन की तस्करी
पाकिस्तान से सबसे ज्यादा हेरोइन की तस्करी की जा रही है, जबकि तस्करों द्वारा अन्य नशा भी सीमा पार से भेजा जा रहा है। सीमा सुरक्षा बल की मुस्तैद विशेष टीमें लगातार ऐसे तस्करों के मंसूबों को विफल करने में जुटी हैं। पिछले डेढ़ साल में पकड़े गए नशे की स्थिति पर नजर डालें तो पाकिस्तान से भारत में भेजे गए नशीले पदार्थों में से बॉर्डर एरिया के विभिन्न इलाकों से 702.88 किलो से अधिक हेरोइन की खेप पकड़ी गई है। इसके अलावा 1.34 किलो से अधिक अफीम, 23 किलो डोडा पोस्त, 31 किलो चरस व 10 किलो से अधिक विभिन्न किस्मों का नशा पकड़ा गया है। इतना ही नहीं 18.07 लाख नशीली गोलियां भी पाक से भेजी गई थीं, उन्हें भी एजेंसियों ने जब्त किया है। इसी तरह पाक से भेजा गया स्थानीय नशा तस्करों द्वारा हरियाणा समेत देश के विभिन्न राज्यों तक पहुंचता है।