टीम इंडिया के ओपनर मयंक अग्रवाल के लिए बुधवार को डेब्यू करना कई मायनों में खास बन गया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक मेलबर्न स्टेडियम में टीम इंडिया की तरफ से पदार्पण करते ही मयंक ने खास उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है।
डेब्यू करते ही मयंक ने हासिल की खास उपलब्धि, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय क्रिकेटर
27 वर्षीय मयंक टेस्ट क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 295वें क्रिकेटर बने। मयंक ने इसी के साथ एक खास उपलब्धि अपने नाम की। वह मेलबर्न में टेस्ट डेब्यू करने वाले टीम इंडिया के पहले क्रिकेटर बने। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई धरती पर डेब्यू करने वाले मयंक दूसरे क्रिकेटर बने। इससे पहले 1947-48 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर अमीर इलाही ने टीम इंडिया की तरफ से डेब्यू किया था। इलाही भारत के 40वें टेस्ट क्रिकेटर बने थे।
A special moment for @mayankcricket who is all set to make his debut at the MCG 📸🇮🇳👌🏻 #TeamIndia #AUSvIND pic.twitter.com/r0J0eD9rXz
बता दें कि मयंक अग्रवाल को केएल राहुल और मुरली विजय के खराब फॉर्म के चलते टीम से बाहर होने के बाद डेब्यू का मौका मिला। इससे पहले पृथ्वी शॉ भी चोटिल हुए, जिसके बाद मयंक अगरवाल के नाम पर विचार किया गया। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने घरेलू क्रिकेट में खूब रन बनाए, जिसका उन्हें ईनाम बॉक्सिंग-डे टेस्ट में डेब्यू करने के मौके से मिला।
इस क्रिकेटर ने नवंबर 2017 में घरेलू क्रिकेट में तिहरा शतक भी जमाया। मयंक अग्रवाल के नाम लिस्ट 'ए' के 75 मैचों में 3605 रन हैं। जहां उनका औसत 48.71 का रहा। स्ट्राइक रेट 100.72 का है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में इस बल्लेबाज ने 46 मुकाबलों की 78 पारियों में 49.98 के बल्लेबाजी औसत से 3599 रन जुटाए हैं।
मयंक अग्रवाल के कोच इरफान को उम्मीद है कि मयंक आक्रामक और प्रभावशाली पारी खेलने में सफल रहेंगे। इरफान ने कहा कि मयंक में वीरेंद्र सहवाग जैसा आक्रामक खेल दिखाने की क्षमता है। मैं मेलबर्न टेस्ट में उनसे सहवाग जैसी पारी की उम्मीद कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि सहवाग महान बल्लेबाज हैं, मैं उनसे तुलना नहीं कर रहा।