हरिद्वार से कांवड़ यात्रा की ऐसी कई तस्वीरें सामने आईं, जिन्होंने लोगों को भावुक कर दिया। कहीं एक फौजी अपनी मां को कंधे पर बैठाकर ले जाता दिखा, तो कहीं एक पैर के सहारे कांवड़ लेकर निकले श्रद्धालु ने सभी को प्रेरित किया। आस्था के साथ इंसानियत और हिम्मत की मिसाल भी देखने को मिली। मां की सेवा को अपना धर्म मानने वाले बेटे से लेकर शारीरिक चुनौती के बावजूद कांवड़ यात्रा पूरी करने निकले श्रद्धालु तक, इन कहानियों ने हर किसी का दिल जीत लिया।
कांवड़ यात्रा की अनोखी तस्वीरें: फौजी बेटे ने मां को कंधों पर बैठाया, किसी ने एक पैर से तय किया आस्था का सफर
कांवड़ यात्रा के बीच कुछ ऐसे दृश्य भी सामने आए, जो केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि रिश्तों की गर्माहट और साहस की कहानी भी बयां करते हैं। आइए आपको बताते हैं हरिद्वार से निकली इन प्रेरक तस्वीरों के कहानी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक पैर के सहारे कांवड़ लेकर राजीव दिल्ली रवाना
आस्था और दृढ़ संकल्प के आगे शारीरिक चुनौतियां भी छोटी पड़ जाती हैं। इसका जीवंत उदाहरण दिल्ली निवासी कांवड़ यात्री राजीव हैं जिन्होंने एक पैर गंवाने के बावजूद हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली के लिए कांवड़ यात्रा शुरू की है। राजीव ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले खाटू श्याम की यात्रा के दौरान उनके साथ हादसा हो गया था। हादसे में उन्हें अपना एक पैर गंवाना पड़ा। इस कठिन दौर के बाद भी उनका हौसला नहीं टूटा और उन्होंने भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था को बनाए रखी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष वह एक पैर के सहारे हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। उनका कहना है कि सच्ची श्रद्धा और मजबूत इरादों के सामने कोई भी मुश्किल बड़ी नहीं होती। राजीव का साहस और अटूट आस्था कांवड़ यात्रा में शामिल अन्य श्रद्धालुओं के लिए भी प्रेरणा का विषय बनी हुई है। रास्ते में उन्हें देखकर श्रद्धालु उनके जज्बे की सराहना कर रहे हैं।
एक दिन में 34.15 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर रवाना
धर्मनगरी में कांवड़ मेले के दौरान आस्था का सैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने हरकी पैड़ी और गंगा के विभिन्न घाटों से पवित्र गंगाजल उठाकर अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया। पुलिस प्रशासन के अनुसार शाम छह बजे तक 34 लाख 15 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर हरिद्वार से रवाना हो चुके थे। कांवड़ यात्रा के दौरान हर तरफ हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष सुनाई दे रहे हैं।
हरिद्वार से अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे कांवड़ यात्री
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, कांवड़ मेला शुरू होने से मंगलवार शाम छह बजे तक एक करोड़ 43 लाख 25 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। बड़ी संख्या में कांवड़िये पैदल यात्रा करते हुए आगे बढ़ रहे हैं, जबकि डाक कांवड़ियों की भी संख्या लगातार बढ़ रही है।
कांवड़ियों के जत्थों में धार्मिक उत्साह देखते ही बन रहा है। रास्तों में जगह-जगह कांवड़ियों की सेवा के लिए लगाए गए शिविरों में श्रद्धालुओं को भोजन, पानी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिवभक्तों से हरिद्वार पूरी तरह शिवमय नजर आ रहा है।