घर में मिले महिला और बच्चों के शव: दूध लेने गया था पति तब हुई घटना, उसी पर लगा हत्या का आरोप
अरविंद का बड़ा भाई अमित पास में ही गली नंबर 15 में रहता है। अरविंद जेनरेटर से बिजली सप्लाई करने और प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। पुलिस ने बताया, रविवार शाम अरविंद घर से बाजार में दूध लेने गए थे।
उसने बताया है कि लौटा तो पहली मंजिल में बरामदे की चौखट पर प्रिया का शव रस्सी और नव्या का शव दुपट्टे से लटका हुआ मिला। अंदर कमरे में 40 दिन का बेटा बेड पर था। उसके गले पर रस्सी या दुपट्टा नहीं बंधा था लेकिन गहरे निशान थे। वह ऑटो में तीनों को दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने तीनों को मृत बताया । जीटीबी अस्पताल के स्टाफ ने लोनी बार्डर थाना पुलिस को मामले की सूचना दी।
पति पर हत्या का आरोप, पुलिस ने की पूछताछ
प्रिया के पिता अरुण दहिया 12 साल से लापता हैं। उसकी मां पूनम ने अरविंद के खिलाफ तहरीर दी है। इसमें आरोप लगाया है कि अरविंद ने ही तीनों की हत्या की है। उसका प्रिया से झगड़ा चल रहा था। उसके किसी और से संबंध हैं। प्रिया इसका विरोध कर रही थी। उसे रास्ते से हटाने के लिए उसने तीनों की जान ले ली। दहेज के लिए प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अरविंद से पूछताछ की। उससे यह भी पूछा कि उसने घटना की जानकारी पुलिस को क्यों नहीं दी?
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसका कहना था कि उसे लगा कि तीनों की जान बच सकती है, इसलिए पहले अस्पताल ले गया। डॉक्टर ने तीनों की मौत हो जाने के बारे में बताया तो वह बदहवास हो गया था। एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चल जाएगा कि तीनों की हत्या की गई या फिर महिला ने बच्चों की जान लेकर खुदकुशी की है। इसके बाद ही जांच आगे बढ़ सकेगी। कई लोगों से पूछताछ की गई है लेकिन घटना की वजह का पता नहीं चल सका है।