दिल्ली में इस समय हाड़ कांपने वाली ठंड पड़ रही है। ऐसे में लोगों को दिन के समय भी सर्दी से राहत नहीं मिल रही। इसी कड़ी में मौसम विभाग ने सोमवार के लिए शीतलहर के साथ ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दिन का तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, मंगलवार को भी ऐसे ही हालत रहेंगे।
दिल्ली-NCR में पड़ रही हाड़ कांपने वाली ठंड: आज शीतलहर और कोहरे का ऑरेंज अलर्ट, 14 तक नहीं राहत की कोई उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार 12 जनवरी से 17 जनवरी के बीच आसमान ज्यादातर साफ रहने की संभावना है, हालांकि सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।
अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा
दूसरी ओर, रविवार सुबह की शुरूआत कोहरे व धुंध के बीच हुई। इससे दृश्यता भी कम रही। दोपहर आते-आते सूर्यदेव ने दर्शन दिए, इससे लोगों को कुछ राहत मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम के साथ 20.2 रहा। इसके अलावा, न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 44 प्रतिशत रही।
आया नगर रहा सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार, रिज में 3.7 और आया नगर में 2.9, लोधी रोड में 4.6 व पालम में 3.0 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सुबह हल्के कोहरे का असर देखने को मिला। इस दौरान पालम इलाके में सुबह 4 बजे से 4:30 बजे के बीच हल्का कोहरा छाया रहा, जिसके कारण न्यूनतम दृश्यता घटकर 200 मीटर तक पहुंच गई। कम दृश्यता के चलते सुबह-सुबह निकलने वाले वाहन चालकों को सतर्कता बरतनी पड़ी। वहीं, सफदरजंग क्षेत्र में भी सुबह हल्के कोहरे का असर दर्ज किया गया। यहां सुबह करीब 6:30 बजे न्यूनतम दृश्यता 600 मीटर रही।
13 जनवरी को ऑरेंज अलर्ट जारी
राजधानी और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 12 जनवरी से 17 जनवरी के बीच आसमान ज्यादातर साफ रहने की संभावना है, हालांकि सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति भी बनी रह सकती है। 13 जनवरी को तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इस दिन भी कुछ स्थानों पर शीतलहर का असर बना रहेगा और सुबह के समय कोहरा देखने को मिलेगा। ऐसे में मौसम विभाग ने शीतलहर के साथ ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
14 जनवरी को भी यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, 14 जनवरी को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा। दिन का तापमान 19 से 21 डिग्री और रात का तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि, शीतलहर का असर कुछ जगहों तक सीमित रहने की संभावना है। सुबह हल्का से मध्यम कोहरा बना रहेगा। ऐसे में मौसम विभाग ने कोहरे व ठंड के यलो अलर्ट जारी किया है। 15 जनवरी से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं। अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन सुबह के समय कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। 16 और 17 जनवरी को भी मौसम लगभग समान रहने की संभावना है। इन दिनों अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और सुबह हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिलेगा।