पिछले हफ्ते खूब ट्रेंड हुए ‘सिवाय एसआरके’ विज्ञापन के बाद अभिनेता शाहरुख खान का डिजिटल डेब्यू कब होगा, इस पर तो अभी कुछ तय नहीं है लेकिन देश में सिनेमा के सबसे बड़े ब्रांड का खिताब पाने वाले अभिनेता अक्षय कुमार की पहली वेब सीरीज अगले साल मॉनसून के महीनों में रिलीज करने की तैयारियां यहां मुंबई में शुरू हो चुकी हैं। 5 मार्च 2019 को इस शो का एलान हुआ था और तब से इसकी रिलीज को लेकर अक्षय कुमार के फैंस में बहुत उत्सुकता रही है। अक्षय कुमार और सीरीज के निर्माता विक्रम मल्होत्रा दोनों पहले ही सीरीज की शूटिंग अगले साल के शुरूआत से शुरू करने की बात कह चुके हैं। प्राइम वीडियो के सूत्र बताते हैं कि अगले साल की जो रिलीज स्लेट बननी शुरू हुई है, उसमें अक्षय कुमार के इस शो को अगस्त महीने में रिलीज करने की बात चल रही है।
Akshay Kumar The End: अक्षय कुमार की वेब सीरीज की शूटिंग की तैयारियां शुरू, इस महीने रिलीज की योजना
इसी महीने की नौ तारीख को 54 साल के हुए अक्षय कुमार की छवि हिंदी सिनेमा में एक्शन स्टार की रही है। वेब सीरीज ‘द एंड’ की लॉन्चिंग भी मुंबई में उनकी इसी छवि के साथ की गई थी। इस मौके पर अक्षय ने स्टेज पर हैरतअंगेज स्टंट किए थे और वह अपने शरीर में आग लगाकर लोगों के सामने पहुंच गए थे। विक्रम मल्होत्रा और अक्षय कुमार की ट्यूनिंग तब से बहुत अच्छी रही है जब विक्रम फिल्म निर्माण कंपनी वॉयकॉम 18 में काम किया करते थे। फिल्म ‘ओ माई गॉड’ में दोनों ने पहली बार साथ काम किया और तब से विक्रम और अक्षय की जोड़ी ‘स्पेशल 26’, ‘बॉस’, ‘बेबी’, ‘एयरलिफ्ट’ और ‘दुर्गामती’ में साथ काम कर चुकी है। अक्षय की निर्माणाधीन फिल्म ‘रामसेतु’ के निर्माताओं में भी विक्रम मल्होत्रा का नाम शामिल है।
विक्रम मल्होत्रा को डिजिटल मनोरंजन जगत में भी हिंदी सिनेमा के बड़े सितारों को लाने का श्रेय दिया जाता है। देश में ओटीटी के आगमन के साथ ही उन्होंने अभिनेता आर माधवन को लेकर एक मेगा बजट सीरीज ‘ब्रीद’ बनाई। इस सीरीज की प्रशंसा देश दुनिया में हुई तो विक्रम ने इस सीरीज का सीक्वेल भी बनाया। ‘ब्रीद इन टू द शैडोज’ नाम की इस वेब सीरीज में विक्रम ने अभिषेक बच्चन को मौका दिया। जूही चावला को लेकर विक्रम एक वेब सीरीज ‘हुश हुश’ के नाम से भी बना रहे हैं। लेकिन, अक्षय की वेब सीरीज ‘द एंड’ उनकी अब तक की सबसे बड़ी वेब सीरीज होने जा रही है।
सूत्र बताते हैं कि प्राइम वीडियो ने इस सीरीज के लिए एक बड़ा बजट पहले से अलग निकाल कर रखा हुआ है। फिल्म की लॉन्चिंग जैसा ही धमाल इसकी शूटिंग शुरू होने पर होगा या नहीं, ये तो तय नहीं है लेकिन इसकी शूटिंग नया साल शुरू होते ही शुरू कर देने की तैयारियां इन दिनों जोरों पर हैं। सीरीज का प्री प्रोडक्शन तेजी से चल रहा है और इसके लिए तकनीशियनों के साथ लगातार बातें चल रही हैं। जानकारी के मुताबिक ये सीरीज डिज्नी प्लस हॉटस्टार की सीरीज ‘स्पेशल ऑप्स’ की ही तरह दुनिया के तमाम देशों में शूट की जाएगी और इसकी शूटिंग के लिए तीन महीने का समय तय किया गया है।
अक्षय कुमार की बीते साल रिलीज हुई फिल्म ‘लक्ष्मी’ को दर्शकों ने पूरी तरह नकार दिया था। उनकी एक फिल्म ‘बेलबॉटम’ इस साल सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद ओटीटी पर पहुंच चुकी है। फिल्म को हालांकि सत्य घटनाओं से प्रेरित बताया गया लेकिन फिल्म की रिलीज होने के बाद खुलासा हुआ कि इसकी पूरी घटना काल्पनिक है और इसमें दिखाए गए समय के हिसाब से भी फिल्म में तमाम गड़बड़ियां लोगों को नजर आईं। अक्षय की एक फिल्म ‘सूर्यवंशी’ दो साल से रिलीज की राह तक रही है। उनकी पूरी हो चुकी फिल्मों में ‘पृथ्वीराज’, ‘बच्चन पांडे’ और ‘अतरंगी रे’ शामिल हैं। उनकी तीन फिल्में ‘रक्षा बंधन’, ‘राम सेतु’ और ‘सिंड्रेला’ निर्माणाधीन हैं। दो और फिल्मों ‘ओ माई गॉड 2’ और ‘दोस्ताना 2’ में भी उनके काम करने की चर्चाएं रहीं हैं।
