अतुल कुलकर्णी बॉलीवुड के उन चुनिंदा सितारों में से हैं, जिनकी गिनती बेहतरीन अभिनेताओं के रूप में होती है। 10 सितंबर 1965 को कर्नाटक में जन्मे अतुल कुलकर्णी आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। अपने करियर में वह कई शानदार किरदार निभा चुके हैं। उन्होंने हिंदी के अलावा मराठी, मलयालम, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और अंग्रेजी फिल्मों में भी अभिनय का जलवा दिखाया है। आज अभिनेता के जन्मदिन के मौके पर हम आपको उनके जीवन से जुड़ी कुछ बातें बताने जा रहे हैं।
Atul Kulkarni: दसवीं क्लास में पहली बार अतुल कुलकर्णी ने एक्टिंग में आजमाया हाथ, चांदनी बार से ऐसे चमकी किस्मत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऐसे शुरू हुआ एक्टिंग का सफर
अतुल कुलकर्णी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई कर्नाटक से ही की है। जब वह दसवीं क्लास में थे, तो पहली बार उन्होंने एक्टिंग में अपना हाथ आजमाया था। इसके बाद वह कॉलेज के दिनों में थिएटर से जुड़ गए और अभिनय की बारीकी सीखी। फिर उन्होंने 1995 में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से डिप्लोमा किया और अभिनेता बनने के अपने सपना को पूरा करते हुए 1997 में कन्नड़ फिल्म 'भूमि गीता' से डेब्यू किया। इसके बाद वह 2000 में फिल्म 'हे राम' में नजर आए।
अभिनय से जीता लोगों का दिल
अतुल कुलकर्णी की किस्मत 2001 में आई मधुर भंडारकर की फिल्म 'चांदनी बार' से चमकी थी। इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी सराहा गया और वह दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रहे। इतनी ही नहीं 'चांदनी बार' और 'हे राम' के लिए अतुल कुलकर्णी को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के लिए नेशनल अवॉर्ड भी मिला था। इसके बाद वह 'रंग दे बसंती', 'पेज 3', 'द अटैक्स ऑफ 26/11', 'दिल्ली 6', 'द गाजी अटैक', 'ए थर्सडे' सहित अलग-अलग भाषा की कई फिल्मों में नजर आए। उन्होंने विलेन बनकर भी लोगों के दिलों में अपने लिए एक खास जगह बनाई है।
वेब सीरीज में भी आए नजर
फिल्मों में मिली सफलता के साथ ही अतुल कुलकर्णी ने 2018 में 'द टेस्ट केस' से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपना डेब्यू किया। इसके बाद वह 'सिटी ऑफ ड्रीम्स', 'बंदिश बैंडिट्स', 'रुद्राः द इज ऑफ डार्कनेस' सहित कई सीरीज में नजर आए। वहीं, हाल ही में स्क्रीनराइटर के तौर पर उनकी पहली फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा रिलीज' हुई थी, जिसमें आमिर खान ने मुख्य भूमिका निभाई थी। हालांकि फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पांस नहीं मिला और यह बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो गई।
गीतांजली कुलकर्णी से की शादी
अतुल कुलकर्णी की निजी जिंदगी के बात करें तो उन्होंने गीतांजली कुलकर्णी से शादी की है। उनकी पत्नी गीतांजली कुलकर्णी भी थियेटर कलाकार हैं और उन्होंने 'गुल्लक' वेब सीरीज में अपने अभिनय से खूब तारीफ बटोरी हैं। अभिनय करने के अलावा दोनों मिलकर छोटे बच्चों के लिए एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) भी चलाते हैं। इस एनजीओ का नाम क्वेस्ट एजुकेशन सपोर्ट ट्रस्ट है, जिसके जरिए वह 14 साल तक के बच्चों को मुफ्त में शिक्षा मुहैया कराते हैं।