जब सिनेमाघर बंद थे तो ओटीटी पर जो सबसे पहली फिल्म आई उसके हीरो थे आयुष्मान खुराना। अब सिनेमाघर खुल चुके हैं तो सबसे ज्यादा जिस फिल्म को लेकर फिल्म इंडस्ट्री हैरान परेशान है, उसके हीरो हैं आयुष्मान खुराना। बॉडी बिल्डर आयुष्मान खुराना को देखकर उनके फैंस भी बहुत उत्साहित हैं। फिल्म का ट्रेलर सब देख चुके हैं। गाने उसके रोज नए नए आ ही रहे हैं। फिल्म के अब तक के सारे लुक्स फुलटू पंजाबी हैं, लेकिन लोग एक दूसरे से पूछ यही रहे हैं कि प्रॉब्लम क्या है? मामला फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ का है। ये फिल्म आने वाले शुक्रवार को रिलीज हो रही है। फिल्म की होर्डिंग मुंबई समेत देश के तमाम शहरों में दिखने लगी हैं और इन होर्डिंग से दर्शकों को ये समझ आने लगा है कि फिल्म हर बार की तरह लीक से थोड़ा हट के है। लेकिन, लीक से हटकर सिनेमा बनाने का फैसला इस बार आयुष्मान ने दिल से किया है या दिमाग से, ये 10 दिसंबर को ही साफ हो पाएगा।
Problem Kya Hai: लोगों ने पूछना शुरू किया मनु और मानवी के बीच प्रॉब्ल्म क्या है?, ये मिला जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आयुष्मान खुराना फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ फिटनेस ट्रेनर मनविंदर मुंजाल उर्फ मनु बने हैं जिसे जुम्बा क्लासेस चलाने वाली मानवी बरार से प्यार हो जाता है। दोनों के बीच प्यार मोहब्बत, इकरार, इसरार तक तो सब ठीक रहता है लेकिन असल दिक्कत आती है जब मनु को मानवी के अतीत के बारे में पता चलता है। फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा आम है कि फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ एक किन्नर की प्रेम कहानी है लेकिन मनु और मानवी के बीच असल प्रॉब्लम क्या है, इसे समझने के लिए फिल्म के कलाकार फिल्म देखने की अपील कर रहे हैं।
फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ का प्रचार जैसे जैसे मुंबई के बाहर दूसरे शहरों में फैल रहा है, तमाम तरह के किस्से भी सामने आ रहे हैं। बताते हैं इस दौरान आयुष्मान खुराना और वाणी कपूर जैसा ही जलवा फिल्म के निर्देशक अभिषेक कपूर का भी देखने को मिल रहा है। फिल्म के इन तीनों ‘सुपर सितारों’ की आपसी केमिस्ट्री के किस्से भी मुंबई की शामों में तैरने लगे हैं। इन सिटी टूर्स के दौरान क्या क्या हो रहा है, सब मुंबई की गॉसिप मिल का चारा बन रहा है। फिल्म में आयुष्मान और वाणी दोनों का जलवा उफान पर है और इस उफान का असल उनवान दिखने में ज्यादा दिन भी बाकी नहीं हैं।
बीते हफ्ते आयुष्मान और वाणी कपूर ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ का खूब प्रचार किया। एक कॉलेज में पहुंचने पर इन दोनों का वहां के युवाओं ने जबर्दस्त स्वागत किया। आयुष्मान अपनी हर फिल्म की तरह इस बार भी अपनी इस फिल्म की कहानी को लेकर काफी आशावान हैं। उनके करीबी बताते हैं कि इस फिल्म की कामयाबी पर ही आयुष्मान की आगे आने वाली फिल्मों की दशा और दिशा निर्भर रहेगी। उन्होंने अनुभव सिन्हा की फिल्म ‘अनेक’ पूरी कर ली है। ‘डॉक्टर जी’ को लेकर भी उन्हें काफी उम्मीदें हैं।
रेडियो जॉकी के तौर पर अपना करियर शुरू करने वाले आयुष्मान खुराना ने टेलीविजन पर काफी लंबा काम किया है। अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर रहे आयुष्मान ने बाद में रियलिटी शोज का भी संचालन किया और सिनेमा में कदम रखा साल 2012 में रिलीज हुई शूजीत सरकार की फिल्म ‘विकी डोनर’ से। इस फिल्म के बाद आयुष्मान ने फ्लॉप फिल्मों की हैट्रिक लगाई। ‘नौटंकी साला’, ‘बेवकूफियां’ और ‘हवाईजादा’ के फ्लॉप होने के बाद आयुष्मान खुराना को यशराज फिल्म्स की पिक्चर ‘दम लगाके हइशा’ ने नया जीवनदान दिया। तबसे आयुष्मान लगातार कामयाबी हासिल करते आ रहे हैं। अब फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ उनका नया इम्तिहान है।