अभिनेता अमिताभ बच्चन महानायक भले ही पिछली सदी के रहे हो लेकिन इस सदी में भी डंका उनका बजता है। एक बार फिर उन्होंने यह साबित कर दिया है कि आखिर उन्हें बिग बी या महानायक की संज्ञा क्यों दी गई? ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल यानी बार्क ने पिछले सप्ताह के टीवी प्रोग्रामों के विश्लेषण में यह बताया है कि पैसा खर्च करके फिल्म देखने वाले दर्शकों के लिए अमिताभ बच्चन की फिल्म 'सूर्यवंशम' अब भी आकर्षण का केंद्र है। प्रीमियम चैनलों पर देखी जाने वाली फिल्मों में यह फिल्म टॉप 5 में जगह बनाने में सफल रही और ये इसके बावजूद कि इन दिनों टेलीविजन पर आईपीएल की धूम मची है।
आईपीएल के बीच टॉप 5 में रही अमिताभ की फिल्म ‘सूर्यवंशम’, टीवी पर देखी गई फिल्मों में पाया ये स्थान
देश में टीवी पर दिखाई जाने वाली फिल्मों में अब भी पलड़ा उन्हीं फिल्मों का भारी है जो मूल रूप से दक्षिण भारतीय फिल्में हैं और उन्हें हिंदी भाषा में डब किया गया है। फिल्मों के चैनलों पर आईपीएल भी प्रसारित होता है इसलिए पिछले हफ्ते के सारे मूवी चैनलों की टीआरपी रिपोर्ट से पता चलता है कि हिंदी फिल्मों के चैनलों में सबसे ज्यादा स्टार गोल्ड पर आईपीएल ही देखा गया। इसके बाद तो सभी चैनलों पर सिर्फ दक्षिण भारतीय फिल्में ही छाई रहीं। सोनी मैक्स पर दूसरा और चौथा नंबर क्रमशः 'एक्शन' और 'केजीएफ चैप्टर 1' ने घेरा। वहीं, ढिंचक चैनल पर प्रसारित हुई फिल्म 'सराइनोडु' और बालाकृष्ण की फिल्म 'सिंबा' ने क्रमशः तीसरा और पांचवां स्थान कब्जाया।
अगर फ्री टू एयर मूवी चैनलों पर प्रसारित होने वाली फिल्मों की तुलना करें तो इनमें सबसे ज्यादा ढिंचक चैनल ही देखा जा रहा है। इस चैनल पर प्रसारित हुई चार फिल्मों ने शीर्ष चार स्थान घेरे। पहला स्थान 'सराइनोडु', दूसरा 'सिंबा', तीसरा 'द फाइटर मैन सिंघम 2' और चौथा 'ओड़िया' के नाम रहा। पांचवा स्थान जी अनमोल सिनेमा पर प्रसारित हुई सनी देओल की फिल्म 'गदर- एक प्रेम कथा' को मिला।
लेकिन, सिनेमा की शोहरत का असल इम्तिहान होता है उन चैनलों की टीआरपी रेटिंग जिन्हें लोग पैसे देकर देखते हैं यानी कि पेड मूवी चैनल। इन पर प्रसारित होने वाले प्रोग्रामों में स्टार गोल्ड अव्वल साबित हुआ। इस पर सबसे ज्यादा आईपीएल ही देखा गया। इसके बाद चारों स्थान सोनी मैक्स ने ही अपने पास रखे। दूसरा, तीसरा, चौथा और पांचवें स्थान पर क्रमशः 'एक्शन', 'केजीएफ चैप्टर 1', 'सूर्यवंशम' और 'मैडम गीता रानी' ने अपनी उपस्थिति दर्ज की।
'सूर्यवंशम' को लेकर भले ही सोनी मैक्स हमेशा मीम्स बनाने वालों के निशाने पर रहता हो, लेकिन हकीकत तो यही है कि चैनल इस फिल्म का प्रसारण भी इसलिए ही करता है क्योंकि लोग इसे देखते हैं। अमिताभ बच्चन की लगभग 20 साल पुरानी इस फिल्म का आकर्षण अब भी बरकरार है और लोग देशभर में रिलीज होने वाली पिक्चरों के बीच इस फिल्म को भी उतनी ही तवज्जो देते हैं। दर्शकों को आज भी यह फिल्म उतनी ही मनोरंजक लगती है जितनी पहले लगती थी।
पढ़ें: मिथुन चक्रवर्ती के बेटे और पत्नी पर लगा बलात्कार-गर्भपात करवाने का आरोप, दर्ज हुई एफआईआर