रक्षाबंधन का त्योहार भले अभिनेता अक्षय कुमार की अगली फिल्म का नाम और विषय दोनों हो लेकिन साल 2021 का रक्षाबंधन भी उनके लिए काफी अहम रहने वाला है। अगर दर्शकों ने इस दिन त्योहारी मूड में सिनेमाघरों का रुख किया और उनकी फिल्म ‘बेलबॉटम’ देखने लोग घरों से निकले तो हो सकता है ये फिल्म पहले सप्ताहांत में 12 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर जाए। फिल्म ‘बेलबॉटम’ ने रिलीज के तीसरे दिन पहली बार तीन करोड़ रुपये का आंकड़ा बॉक्स ऑफिस पर पार किया है और अब फिल्म की कमाई आठ करोड़ रुपये के ऊपर निकल चुकी है। लेकिन, फिल्म अब भी पहले वीकएंड के लिए वितरकों के अपेक्षित आंकड़े 15 करोड़ रुपये से काफी दूर है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के उम्मीद के मुताबिक कारोबार न कर पाने के चलते ही उनकी अगली फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज डेट फाइनल नहीं हो पा रही है और इसी के चलते निर्देशक एस एस राजामौली की दशहरा से दो दिन पहले रिलीज होने के लिए पूरी तैयारी कर चुकी फिल्म ‘आरआरआर’ की रिलीज भी टाली जा चुकी है।
BellBottom Box Office Day 3: ‘बेलबॉटम’ ने तीसरे दिन कमाए इतने करोड़, रक्षाबंधन का दिन सबसे अहम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अक्षय कुमार, वाणी कपूर, लारा दत्ता और हुमा कुरैशी स्टारर फिल्म ‘बेलबॉटम’ के कलेक्शन में शनिवार को थोड़ा सुधार दिखाई दिया। रिलीज के पहले दोनों दिन तीन करोड़ रुपये के अनुमानित आंकड़े से नीचे रही फिल्म ‘बेलबॉटम’ ने शनिवार को जानकारी के मुताबिक करीब सवा तीन करोड़ रुपये की नेट कमाई बॉक्स ऑफिस पर की। फिल्म अब तक आठ करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई बॉक्स ऑफिस पर कर चुकी है।
फिल्म ‘बेलबॉटम’ को ओटीटी पर रिलीज करने की बजाय पहले सिर्फ सिनेमाघरों में ही रिलीज करने का फैसला इसके निर्माता वाशू भगनानी और हीरो अक्षय कुमार ने मिलकर लिया है। दोनों को उम्मीद थी कि फिल्म की हाइप के मुताबिक दर्शक इस फिल्म को देखन सिनेमाघरों में टूट पड़ेंगे लेकिन ऐसा हो न सका। यहां तक कि महाराष्ट्र के सिनेमाघर न खुलने से भी फिल्म के कारोबार पर काफी असर पड़ा। फिल्म को इससे जुड़े विवादों का भी काफी नुकसान बॉक्स ऑफिस पर उठाना पड़ रहा है।
अक्षय कुमार अपनी नई फिल्म ‘बेलबॉटम’ में एक ऐसे रॉ एजेंट की भूमिका में है जो दुबई जाकर एक भारतीय विमान के अपहर्ताओं को पकड़ता है और विमान के सारे यात्रियों को सकुशल भारत लेकर आता है। फिल्म में वाणी कपूर उनकी पत्नी बनी हैं जो एमटीएनएल में नौकरी करती है। लारा दत्ता ने फिल्म में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की चौंकाने वाली भूमिका निभाई है। वहीं हुमा कुरैशी का रोल फिल्म में रॉ एजेंट्स के मिशन के दौरान दुबई एयरपोर्ट पर सक्रिय होने वाली महिला का है।
फिल्म ‘बेलबॉटम’ को वितरित और प्रदर्शित करने वाले फिल्म कारोबारियों का अनुमान था कि अक्षय कुमार की ब्रांड वैल्यू को देखते हुए ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर गुरुवार से लेकर रविवार तक कम से कम 15 करोड़ रुपये जरूर कमाएगी। लेकिन, फिल्म की धीमी शुरुआत ने इसके हक में काम नहीं किया। इसके अलावा फिल्म को तीन अरब देशों में प्रतिबंधित भी कर दिया गया। इसकी वजह से बताई गई कि इस फिल्म में अक्षय कुमार ने जो कुछ किया है वह हकीकत में कभी हुआ ही नहीं। फिल्म ‘बेलबॉटम’ को दर्शकों से अच्छा प्रतिसाद न मिलने के कारण 13 अक्टूबर को रिलीज होने जा रही जूनियर एनटीआर और राम चरण की फिल्म ‘आरआरआर’ की रिलीज अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई है।